भाई पर गोली चलवाने वाली बहने और उनका साथी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद, एक कोरोना पॉजिटिव
डड्डूमाजरा कालोनी में 29 वर्षीय गुरसेवक ने अपनी बहन को ससुराल जाने की नसीहत दी। इस पर दोनों बहनों ने उसके साथ विवाद शुरू कर झगड़ा कर लिया। बहसबाजी बढ़ने पर दोनों बहनों ने रात तकरीबन 9.30 अपने किसी जानकारों को फोन करके मौके पर बुला लिया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। ससुराल जाने को बोलने पर भाई पर गोली चलवाने वाली दोनों बहन सहित गोली चलाने वाले साथी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित बड़ी बहन हरसिमरत कौर उर्फ सीमा और सिमरन को जिला अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया। जबकि, गोली चलाने वाले डड्डूमाजरा निवासी जानू मलिक को पुलिस आज ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल सहित मौका ए वारदात पर खोल भी बरामद कर लिया है। अभी मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है। इनमें से एक महिला आरोपित की मेडिकल में रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है।
डड्डूमाजरा कालोनी में 29 वर्षीय गुरसेवक ने अपनी बहन को ससुराल जाने की नसीहत दी। इस पर दोनों बहनों ने उसके साथ विवाद शुरू कर झगड़ा कर लिया। बहसबाजी बढ़ने पर दोनों बहनों ने रात तकरीबन 9.30 अपने किसी जानकारों को फोन करके मौके पर बुला लिया। दो आरोपितों ने घर के सामने आकर गुरसेवक के साथ मारपीट की। इसके बाद उसके पैर में गोली चला दी। घायल गुरसेवक को पुलिस ने जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया। पीड़ित की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
इस तरह हुई गिरफ्तारी
सूत्रों के अनुसार डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल की टीम ने आरोपित जानू मलिक को डड्डूमाजरा स्थित श्मशानघाट के पास से गिरफ्तार किया है। जबकि, थाना पुलिस ने आरोपित हरसिमरत और सिमरन को कालोनी की मार्केट से गिरफ्तार कर लिया था। घायल की मां ने दोनों की शिनाख्त की है। जानू मलिक को हरसिमरत ने काल किया था। जबकि सिमरन के फोन करने पर आने वाले युवक की तलाश जारी है।
एक आरोपित कोविड पाजिटिव
मामले में तीनों आरोपितों का कोविड टेस्ट करवाने पर एक महिला आरोपित संक्रमित निकली। जेल प्रशासन की तरफ से नियमों के तहत मनाही के बाद पुलिस ने अपने क्वारंटाइन हाल में उसे रखा है। ठीक होने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। गिरफ्तार करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।