चंडीगढ़ की लाइफलाइन सुखना लेक पर लौटी रौनक, अगले सप्ताह से इन टूरिस्ट प्लेस में भी मिलेगी एंट्री
Chandigarh Covid Guideline चंडीगढ़ सुखना लेक पर एक बार फिर रौनक लौट आई है। कोरोना पाबंदियों के चलते लगभग एक महीने बाद सुखना फिर से लोगों के लिए खोल दी गई है। ऐसे में आज मौसम भी खुल गया है और लोग लेक पर पहुंचने लगे हैं।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh Covid Guideline: चंडीगढ़ की लाइफलाइन सुखना लेक पर फिर से रौनक लौट आई है। 26 दिन से बंद सुखना लेक पर शुक्रवार सुबह पब्लिक की एंट्री फिर से शुरू हो गई। सुबह ही लेक का दीदार करने लोग पहुंचना शुरू हो गए हैं। शाम को अच्छी खासी भीड़ लेक पर होने की पूरी संभावना है। शहरवासी भी कई दिनों से चाह रहे ते कि सुखना लेक पर एंट्री मिले और लोग यहां आकर समय बीता सके।
सुखना लेक के बाद अब दूसरे पर्यटन स्थलों को भी खोला जाएगा। अगले सप्ताह होने वाली कोविड वॉर रूम मीटिंग में दूसरे पर्यटन स्थलों पर निर्णय लिया जाएगा। रॉक गार्डन और चंडीगढ़ बर्ड पार्क को खोलने का लोग इंतजार कर रहे हैं। ऐसा इसलिए भी क्योंकि बहुत से लोग बर्ड पार्क शुरू होने के बाद इसे देख नहीं पाए थे। बर्ड पार्क में बड़ी भीड़ उमड़ रही थी। साथ ही कोरोना के मामले बढ़ने पर प्रशासन ने इसे बंद कर दिया था। अब दोबारा से इसकी शुरुआत होने जा रही है। वीरवार को होने वाली कोविड वॉर रूम मीटिंग में इन्हें खोलने के आदेश भी आ सकते हैं। सुखना लेक खुलने के बाद अब यहां बोटिंग और दूसरी एक्टिविटी भी शुरू हो गई हैं। एम्यूजमेंट पार्क भी बच्चों के लिए खोल दिया गया है।
मार्केट रात 10 तक खुलेंगी
प्रशासन ने दुकानदारों के हो रहे नुकसान और मांग को देखते हुए शहर की सभी मार्केट को अब रात दस बजे तक खोलने की मंजूरी दे दी है। इसके अलावा अपनी मंडी भी रात दस बजे तक लगेगी। अब लोग अपने सेक्टर में लगने वाली अपनी मंडी से ही खरीददारी कर सकेंगे। जिम और हेल्थ फिटनेस सेंटर को भी 50 फीसद क्षमता के साथ रात दस बजे तक खोलने की मंजूरी दे दी गई है। शर्त यह रहेगी कि स्टाफ और सभी यूजर्स को कोविड की दोनों डोज लगी होनी अनिवार्य है। केस बढ़ने पर छह जनवरी को प्रशासन ने पांच भीड़ वाली मार्केट को शाम पांच बजे बंद करने के आदेश दिए थे। जिम और शिक्षण संस्थान बंद कर दिए थे।
पहली फरवरी से खुलेंगे शिक्षण संस्थान
प्रशासन ने हालात नियंत्रण में होने पर अब स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी और शिक्षण संस्थानों को खोलने की मंजूरी दे दी है। पहली फरवरी स्कूलों में 10वीं और 12वीं की ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो सकेंगी। कॉलेज और यूनिवर्सिटी को भी सामान्य तौर पर खोलने की मंजूरी दे दी गई है। सभी सरकारी लाइब्रेरी को भी 50 फीसद क्षमता के साथ खोलने की मंजूरी मिल गई है। 15 वर्ष से अधिक आयु के स्टूडेंट्स का ऑफलाइन क्लास अटैंड करने के लिए कम से कम एक वैक्सीन की डोज लगी होनी अनिवार्य रहेगी। वहीं स्टाफ, अधिकारी और स्टूडेंट्स जो 18 वर्ष या इससे अधिक के हैं उन्हें दोनों डोज लगी होनी जरूरी है। कोचिंग इंस्टीट्यूट को 50 फीसद क्षमता के साथ खोला जा सकता है। वैक्सीन यहां भी जरूरी है।