Chandigarh Coronavirus Update: पंचकूला में कोरोना वायरस से दो लोगों की मौत, 153 नए केस
पंचकूला में शनिवार को दो लोगों की मौत हो गई और 153 नए मामले सामने आए हैं। अब तक जिले में कुल 7582 मामले आए हैं। इनमें से 4277 कोरोना रोगी ठीक हो गए हैं तथा 1349 मामले एक्टिव हैं।
चंडीगढ़/पंचकूला/मोहाली, जेएनएन। कोरोना वायरस से पंचकूला में शनिवार को दो लोगों की मौत हो गई और 153 नए मामले सामने आए हैं। अब तक जिले में कुल 7582 मामले आए हैं। इनमें से 4277 कोरोना रोगी ठीक हो गए हैं तथा 1349 मामले एक्टिव हैं। सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने इसकी पुष्टि की है। जिले में इससे पहले शुक्रवार को एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। बीड़ घग्गर निवासी 49 वर्षीय प्रौढ़ ने दम तोड़ दिया। वहीं मोहाली में शनिवार को संक्रमण के 152 नए मामले सामने आए हैं और एक शख्स की मौत हो गई। इसके अलावा 359 लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
उधर, चंडीगढ़ में अब कोरोना संक्रमण का खतरा कम होता दिखाई दे रहा है। पहले जहां रोजाना 350 से ज्यादा नए केस सामने आ रहे थे। चार से पांच लोगों की मौत हो रही थी। शुक्रवार को एक महिला की मौत हुई। सेक्टर-56 की 55 साल की महिला की गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) में भर्ती थी। अब तक कोरोना से 145 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को 244 नए केस दर्ज किए गए। इनमें 141 पुरुष और 103 महिलाएं हैं। इस समय 2,390 कोरोना एक्टिव मरीज हैं। अब तक 11,212 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। 335 कोरोना संक्रमितों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। अभी तक 8,677 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा जा चुका है। 71,009 लोगों की टेस्टिंग की जा चुकी है। 59,381 लोगों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 416 लोगों की कोरोना रिपोर्ट तकनीकी खामियों की वजह से खारिज कर दी गई। शुक्रवार को रैंडम सैंपलिंग के जरिये 154 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट शनिवार दोपहर तक आएगी।
मोहाली में 177 नए केस, चार की मौत
मोहाली : मोहाली में शुक्रवार को कोविड-19 के 177 पॉजिटिव मामले सामने आए। लेकिन 197 मरीजों ने कोविड को मात दी है, जबकि चार मरीजों की मौत भी हो गई है। नए सभी मरीज पहले से आए पॉजिटिव लोगों के संपर्क में थे। इन लोगों के संपर्क में आने वालों के भी सैंपल लिए गए हैं। जिले में अब तक कुल 7148 लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। मरने वालों की संख्या 177 पहुंच गई है।