Chandigarh Covid News Update: चंडीगढ़ में 10 और मोहाली में 16 कोरोना मरीजों की मौत
चंडीगढ़ में रविवार को सामने आए 360 नए कोरोना पॉजिटिव मामलों में इनमें 213 पुरुष और 147 महिलाएं हैं। शहर में अब तक 58489 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 702 लोगों की जान जा चुकी है।
चंडीगढ़, जेएनएन। कोरोना संक्रमण से शहर में रविवार को 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 360 नए कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। इनमें 213 पुरुष और 147 महिलाएं कोरोना संक्रमित पाई गईं। अब तक 58,489 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, अब तक 702 लोगों की जान जा चुकी है। वर्तमान में चंडीगढ़ में 4,874 कोरोना एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है। 741 संक्रमित मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। अब तक 52,913 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। 54 लोगों के कोरोना सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट सोमवार शाम तक आएगी।
मोहाली में नहीं थमा कोरोना मरीजों की मौत का सिलसिला
मोहाली। मोहाली में नए कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तो घटी है लेकिन मौतों का क्रम नहीं टूट रहा है। रविवार को यहां 16 मरीजों की मौत दर्ज की गई जबकि 454 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। मोहाली शहर में 138, डेराबस्सी में 45, धकोली में 76 और खरड़ में 101 केस मिले हैं। जिले में वर्तमान में कुल सक्रिय केस 5663 हैं जबकि अब तक 866 लोगों की जान जा चुकी है।
पंचकूला में 3 की मौत, 116 नए संक्रमित
पंचकूला। जिले में रविवार को कोरोना से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 116 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। जान गंवाने वालों में सेक्टर-21 निवासी 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला, बतौड़ निवासी 45 वर्षीय महिला और बरवाला निवासी 65 वर्षीय महिला शामिल हैं। 116 नए पॉजिटिव केस सामने आए, जबकि इतने ही लोग ही कोरोना को हराकर स्वस्थ हो गए। जिले में अब तक कोरोना के मरीजों का आंकड़ा 38659 पहुंच गया है। इसमें पंचकूला के रहने वाले 29145 लोग हैं। 27145 पॉजिटिव मरीज ठीक हो गए हैं और अब 1686 मामले एक्टिव है। जिले में अभी तक 314 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।