Chandigarh Coronavirus update: ट्राईसिटी में काेराेना का कहर, चंडीगढ़ में रिकॉर्ड 145 नए केस; पंचकूला में 92 नए मामले
Chandigarh Coronavirus Update ट्राईसिटी में काेराेना का खतरा बरकरार है। अकेले चंडीगढ़ में ही अभी तक कोरोना वायरस के कई मामले सामने अा चुके हैं।
चंडीगढ़, माेहाली, पंचकूला, जेएनएन : ट्राईसिटी में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार को चंडीगढ़ में शनिवार को कोरोना वायरस का विस्फोट हुआ है। एक दिन में अब तक के रिकॉर्ड तोड़ 145 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है। वहीं 45 कोरोना संक्रमित मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 2776 तक जा पहुंची है। इनमें से 1471 मरीज ठीक हो चुके हैं और 1270 मामले एक्टिव कोरोना हैं। उधर, पंचकूला में संक्रमण के 92 नए केस सामने आए हैं।
इससे पहले शुक्रवार को चंडीगढ़ में कोरोना से दो लोगों की मौत हो गई। सेक्टर-45 के 67 साल के बुजुर्ग की गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) में 19 अगस्त को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक बुजुर्ग को डायबिटीज भी थी।
इसके अलावा बुड़ैल में 66 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला जीएमसीएच-32 में एडमिट थी। उसको डायबिटीज थी। कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते शहर में अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा शुक्रवार को 116 नए कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए।
पंचकूला की सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार को पंचकूला में 48 और पांच अन्य जिलों से संक्रमित केस सामने आए हैं। पंचकूला में इस समय कोरोना के एक्टिव मामले 495 हैं, जबकि नौ लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 966 ठीक होकर घर जा चुके हैं। इसके अलावा माेहाली जिले में 147 नए केस सामने अाए है।
मेंटल हेल्थ इंस्टीट्यूट के तीन कर्मचारी मिले संक्रमित
सेक्टर-32 स्थित मेंटल हेल्थ इंस्टीट्यूट के तीन कर्मचारी शुक्रवार को जांच में संक्रमित पाए गए। संस्थान को बंद कर दिया गया है। कर्मचारियों के संपर्क में 12 लोग आए थे। सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। तीनों को जीएमसीएच-32 के आइसोलेशन वार्ड में एडमिट कर दिया गया है। बाकी संपर्क में आए लोगों को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है।
पंजाब पुलिस का हेडक्वार्टर दो दिन के लिए सील
सेक्टर-9 स्थित पंजाब पुलिस हेडक्वार्टर में तीन पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में हेडक्वार्टर को अगले दो दिन के लिए सील कर दिया गया है। दो दिन तक पंजाब पुलिस हेड क्वार्टर को सेनिटाइज किया जाएगा। अब सोमवार को पुलिस हेडक्वार्टर खुलेगा। अधिकारियों और बाकी स्टाफ के लोगों को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है।