विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने में माहिर हैं चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावलाः रमेश शर्मा
कांग्रेस पूर्वांचल सेल के चेयरमैन रमेश कुमार शर्मा ने चंडीगढ़ कांग्रेस के नए अध्यक्ष सुभाष चावला को बधाई दी है। उन्होंने चावला की तारीफ के पुल बांधते हुए कहा कि सुभाष चावला के पास विपक्ष के हर सवाल का जवाब है। चावला के नेतृत्व में कांग्रेस मजबूत होगी।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष सुभाष चावला विपक्षी पार्टी के हर सवालों के जवाब देने में माहिर हैं। वे तीक्ष्ण बुद्धि के साथ चंडीगढ़ व राजनीति से भली भांति परिचित हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी को शहर में मजबूती मिलेगी और भविष्य में नए आयाम मिलेंगे। यह बातें कांग्रेस के पूर्वांचल सेल के चेयरमैन रमेश कुमार शर्मा ने सुभाष चावला के चंडीगढ़ के अध्यक्ष बनने पर कही है।
रमेश शर्मा ने सुभाष चावला को बधाई देते हुए कहा कि सुभाष चावला पहले भी दो बार चंडीगढ़ के मेयर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अब उनके अध्यक्ष बनने से फिर से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। सभी को साथ लेकर चलना और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता के तौर पर मजबूती से उठाने के लिए वह जाने जाते हैं। अपने शासनकाल में चावला ने कभी मजबूरियों से समझौता नहीं किया और विकास के मुद्दों से कभी नहीं भटके। उन्होंने शहर की जनता की जरूरतों के लिए हमेशा आवाज बुलंद की और पार्टी कार्यकर्ताओं का भी ख्याल रखा।
रमेश शर्मा ने बताया कि पार्टी के आलाकमान ने पूर्व मेयर सुभाष चावला को अध्यक्ष नियुक्त किया है, जो कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थकों के लिए एक सम्मान की बात है। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, चंडीगढ़ व पंजाब के प्रभारी व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल सहित सभी नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष बनने पर कांग्रेस पार्टी में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
इस मौके पर महेश शर्मा, दिनेश चौहान, नरेंद्र राजभर, प्रमोद यादव, रमेश तिवारी, विकास कुमार, परशुराम, कृष्ण कुमार, श्यामा देवी, लक्ष्मी देवी, प्रमिला देवी, काजल, गीतीका व अन्य भी उपस्थित थे।