चंडीगढ़ कांग्रेस पार्टी ने तैयार की रणनीति, पानी के बढ़े रेट सहित अन्य मुद्दों पर भाजपा का होगा घेराव
चंडीगढ़ कांग्रेस के नए अध्यक्ष सुभाष चावना ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को शहर के विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा को घेरने के लिए रणनीति तैयार कर ली है। शहर में बढ़े हुए पानी के रेट सहित विभिन्न मुद्दों पर भाजपा का घेराव किया जाएगा।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ कांग्रेस पार्टी अब भाजपा के खिलाफ खुलकर आ गई है। कांग्रेस ने सबसे पहले पानी के बढ़े हुए रेट मुद्दे पर भाजपा को घेरने की रणनीति बनाई है। एक मार्च से हर भाजपा पार्षद के घर का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस ने 15 दिन के भीतर प्रदेश कार्यकारिणी के अलावा जिला अध्यक्षों की भी नियुक्ति करनी है। पार्टी के अनुसार नेता की गतिविधि और उसका प्रदर्शन देखकर उसे पार्टी में जगह दी जाएगी। प्रदेश में महासचिव और उपाध्यक्ष के अलावा सचिव की भी नियुक्त होनी है। जिनमें पार्टी के नेताओं को जगह दी जाएगी। इस समय पदाधिकारी बनने के लिए लाबिंग शुरू हो गई है।
सेक्टर-35 के कांग्रेस भवन में वीरवार को अध्यक्ष सुभाष चावला में बैठक बुलाई है। इस बैठक में ऐसे नेताओं को भी बुलाया गया है जो कि काफी लंबे समय से घर बैठ गए थे। लेकिन अध्यक्ष की ओर से खुद फोन करने पर वह बैठक में शामिल होने आ रहे हैं। बैठक में उन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी जो कि जनता से जुड़े हुए हैं और पार्टी उन्हें आगे जोरों शोरों से उठाएगी। पानी के मुद्दे अलावा इस समय डपिंग ग्राउंड, हाउसिंग बोर्ड के मकानों की वॉयलेशन के आ रहे नोटिस सहित व्यापारियों के भी कई मुद्दें हैं। इन मुद्दों की एक रिपोर्ट बनाकर पार्टी प्रभारी हरीश रावत को सौंपी जाएगी, जिसे क्रमावर तरीके से उठाया जाएगा।
पार्टी नेताओं के अनुसार अब पहले से अलग काम होगा। हर नेता को अलग अलग जिम्मेदारी दी जाएगी। हर वार्ड के नेता को अपने एरिया में रहकर ही काम करने के लिए कहा जाएगा। अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस भवन में बड़े स्तर पर सुभाष चावला की पहली बैठक है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की का कहना है कि अध्यक्ष सुभाष चावला को राजनीति का लंबा अनुभव है। ऐसे में अब नए सिरे से पार्टी को मजबूत किया जा रहा है। अलग अलग मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी को घेरा जाएगा। नगर निगम के सदन में पार्षद और बाहर कार्यकर्ता भाजपा को का घेराव करेंगे।