नवजोत सिद्धू की ताजपोशी के लिए दुल्हन की तरह सज रहा कांग्रेस भवन, लगे शामियाने, सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम
Navjot Singh Sidhu Oath Ceremony नवनियुक्त पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बने नवजोत सिद्धू की ताजपोशी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शामियाने लग गए हैं। शुक्रवार को यहां सेक्टर-15 स्थित कांग्रेस भवन में अध्यक्ष सिद्धू के साथ 4 नवनियुक्त कार्रकारी अध्यक्ष भी शपथ लेंगे।
जेएनएन, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ कई दिनों की खींचतान के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बने नवजोत सिद्धू की ताजपोशी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को यहां सेक्टर-15 स्थित कांग्रेस भवन में अध्यक्ष सिद्धू के साथ 4 नवनियुक्त कार्रकारी अध्यक्ष भी शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के लिए वीरवार को तैयारियां जोर-शोर से जारी रहीं। देर शाम तक कांग्रेस भवन परिसर में मजदूर पंडाल और शामियाना लगाने में व्यस्त दिखे। सुरक्षा की दृष्टि से बैठने के स्थान की मेटल डिटेक्टर से चेकिंग भी की गई। यहां तक कि छत पर भी मेटल डिक्टेक्टर के साथ जांच की गई। समारोह स्थल पर नवजोत सिंह सिद्धू के बैनर और पोस्टर भी करीने से लगाए जा रहे हैं।
शपथ ग्रहण समरोह में सिद्धू के अलावा कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत सिंह नागरा, पवन गोयल, सुखमिंदर सिंह डैनी और संगत सिंह गिलजियां भी कार्यभार ग्रहण करेंगे। पहले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के माफी मांगे जाने तक सिद्धू से मुलाकात न करने की बात कही जाने के बाद शपथ ग्रहण समारोह को लेकर संशय बन गया था। हालांकि वीरवार शाम को सारी गलफहमियां दूर होती दिखी है। संकेत मिले हैं कि कैप्टन अमरिंदर सिंह मान गए हैं और वह शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजाेत सिंह सिद्धू की ताजपोशी के समारोह में शामिल होंगे।मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने इसकी पुष्टि की है।
शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिदधू के शपथ ग्रहण समारोह से पहले वीरवार को चंडीगढ़ सेक्टर-15 स्थित कांग्रेस भवन में सुरक्षा जांच करते हुए एक कर्मचारी।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले पंजाब भवन में कैप्टन की चाय पार्टी
ठुकराल के ट्वीट के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार सुबह 10 बजे पार्टी के सभी विधायकों, सांसदों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को पंजाब भवन में चाय पार्टी पर बुलाया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू भी इसमें शामिल हो सकते हैं। चाय की चुस्कियों के साथ दोनों के बीच बातचीत हो सकती है। चाय पार्टी के बाद कैप्टन शपथ ग्रहण समारोह के लिए कांग्रेस भवन रवाना होंगे।
यह भी पढ़ें - आखिरकार मान गए कैप्टन अमरिंदर, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू की ताजपोशी में होंगे शामिल