भाजपा अध्यक्ष के समक्ष उठा कंप्यूटर टीचर्स की सेलरी का मामला, प्रशासन से स्थायी हल निकालने को कहा
चंडीगढ़ में कंप्यूटर टीचर्स की सेलरी चार महीने की रुकी हुई है। साथ ही कई कंप्यूटर टीचर्स को शिक्षा विभाग ने तय समय से पांच दिन पहले ही रिलीव कर दिया। इसके लिए टीचर्स में भारी रोष है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या को हल करने की गुहार लगाई है।
चंडीगढ़, जेएनएन। कंप्यूटर टीचर्स की जॉब सिक्योरिटी और चार माह से रूकी हुई सेलरी का मामला भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के समक्ष पहुंच गया है। इस मामले को लेकर भारतीय मजदूर संघ चंडीगढ के उपप्रधान एवं गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन डेमोक्रेटिक यूटी चंडीगढ के प्रधान डा. धर्मेंद्र और चंडीगढ़ कंप्यूटर टीचर्स यूनियन की प्रधान पूनम टपरियाल के नेतृत्व में पांच सदस्यीय शिष्टमंडल ने बुधवार को बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने अरुण सूद को कंप्यूटर टीचर्स की जॉब सिक्योरिटी और चार महीने की रुकी हुई सेलरी के मामले को लेकर प्रशासक चंडीगढ प्रशासन के नाम मांग पत्र भी सौंपा।
अरुण सूद ने पहले निदेशक शिक्षा विभाग रुबिंदर जीत सिंह बराड़ से मामले संबंधी बात की और फिर प्रशासक को तुरंत फोन करके कंम्प्यूटर टीचर्स की समस्या बताई और उसका स्थायी हल निकालने को कहा। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर द्वारा मामला देखने और हल करने के लिए आश्वस्त करने पर अरुण सूद ने शिष्टमंडल को मामला जल्द हल करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर डा. धर्मेंन्द्र, पूनम टपरियाल, पूनम कुमारी, अजय कुमार और संजय कुमार ने अरुण सूद को मामला ध्यानपूर्वक सुनने और जल्द हल करवाने के आश्वासन के लिए धन्यवाद किया।
भाजयुमो ने चंडीगढ़ में आरंभ किया जिला बैठकों का सिलसिला
वहीं दूसरी ओर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विजय राणा के नेतृत्व में जिला बैठकों की शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत सर्वप्रथम जिला नं-3 की बैठक का आयोजन सेक्टर-46 में किया गया, जिसमें विशेष रूप से ज़िला अध्यक्ष दीपक माधव साथ-साथ जिला के कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने इस बैठक के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और आने वाले समय में जल्द से जल्द जिला व मंडलों की कार्यकारिणी घोषित के लिए कहा, जिसमें हर वर्ग और हर क्षेत्र को प्रतिभावान युवाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाए। उन्होंने बताया कि अब हमारा अकाली दल के साथ गठबंधन खत्म हो चुका है और अगले साल होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों में सभी सीटों पर भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन में समर्पण भाव से काम करने वालों की कभी उपेक्षा नहीं होती, इसीलिए सभी मिलकर संगठन कार्य में लगें और पार्टी को अगले वर्ष के नगर निगम चुनावों में विजयी बनाने के उद्देश्य से जुट जाएं।