केंद्र सरकार के सात वर्ष पूरे होने पर चंडीगढ़ भाजपा ने बांटा राशन, कहा- पार्टी हर वर्ग की करेगी मदद
भारतीय जनता पार्टी के केंद्र में सात वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में चंडीगढ़ की पूर्व मेयर और वार्ड-17 की पार्षद आशा जसवाल ने सेक्टर-18 19 21 में 120 राशन किट्स बांटी।
चंडीगढ़, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के केंद्र में सात वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में चंडीगढ़ की पूर्व मेयर और वार्ड नंबर-17 की पार्षद आशा जसवाल ने सेक्टर-18, 19 और 21 में 120 राशन किट्स बांटी। इनमें घरों में काम करने वाली मेड, गली मोहल्लों में काम करने वाले धोबी, सड़क किनारे फड़ी लगाने वाले नाई और मोची शामिल थे।
इस कार्यक्रम के दौरान उनके साथ भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष अरुण सूद, सुमिता कोहली, डिस्ट्रिक्ट-1 के अध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा, अशोक चौहान, बृजेश्वर जसवाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हितेश जैन सहित डेजी महाजन अन्य भी उपस्थित हुए।
आशा जसवाल ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के केंद्र में सात वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम किए जा रहे हैं। लॉकडाउन के चलते इन सभी वर्ग को अपना व अपने परिवार का जीवन यापन कर पाना कठिन हो रहा है। उन्होंने प्रार्थना की कि विश्व को इस महामारी से मुक्ति दे। उन्होंने सभी से अपील की कि कोरोना बचाव के लिए जारी की गई गाइडलाइंस का पालन करें। इसके अलावा सुमिता कोहली ने कहा कि उनके संस्था गरीबों की मदद के लिए बनी है और हमेशा ही गरीबों की मदद के लिए उनकी संस्था खड़ी रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में जहां एक और देश में विकास के कार्य हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर में भाजपा सरकार इस महामारी की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से समर्थ है। न केवल सरकार बल्कि आम जनता और दूसरी संस्थाएं भी इस समय बढ़ चढ़कर लोगों की मदद करने के कार्य में लगी हुई हैं। इस समय सभी लोग केवल मानवता को ध्यान में रख कर कार्य कर रहा है जो इस देश की संस्कृति है।