पंजाब और हरियाणा से भी ज्यादा खराब हुई चंडीगढ़ की हवा, एयर क्वालिटी इंडेक्स 130 से पार
Chandigarh AQI चंडीगढ़ की हवा जहरीली हो रही है। शहर में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। हालात यह है कि शहर की हवा पंजाब और हरियाणा के मुकाबले ज्यादा खराब हो चुकी है। आज शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 130 को पार कर गया है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh AQI: बारिश का दौर खत्म होने के बाद जैसे ही कोहरा और हल्की धूप निकलनी शुरू हुई तो इससे प्रदूषण का स्तर बढ़ना शुरू हो गया है। बारिश के बाद चंडीगढ़ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) कम होकर 27 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर तक आ गया था। वीरवार को यह बढ़कर 133 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर तक पहुंच गया। काफी दिनों बाद यह सौ से ऊपर पहुंचा है। अब यह आगे भी इसी तरह से बढ़ता रहेगा। धूप और कोहरे में यह लगातार बढ़ेगा। बारिश के बाद ही फिर से यह नीचे आएगा। हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है।
सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं आस-पास के शहरों का हाल भी ऐसा ही है। इन शहरों में भी एक्यूआइ लगातार बढ़ रहा है। बात पंजाब के शहरों की करें तो वीरवार सुबह जालंधर का एक्यूआइ 93, लुधियाना का 85, अमृतसर का 119 दर्ज किया गया। वहीं हरियाणा की बात करें तो यहां भी प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। अंबाला का एक्यूआइ वीरवार सुबह 121, कुरुक्षेत्र का 125, करनाल का 97, सानीपत का 102 दर्ज किया गया।
राजधानी दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण
देश के दिल दिल्ली में तो हवा दूषित हो चुकी है। नई दिल्ली का वीरवार सुबह एक्यूआइ 266 दर्ज किया गया। नोएडा का 216, फरीदाबाद का 274, गुरुग्राम का 238 दर्ज किया गया। इस तरह से दिल्ली एनसीआर के शहरों में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। यहां स्थिति खराब हो रही है। बारिश के बाद हालात बेहद सामान्य हो गए थे। एक्यूआइ बहुत नीचे आ गया था। अब यह बढ़ रहा है।
Edited By Ankesh Thakur