चंडीगढ़ में युवक की हत्या के प्रयास मामले में पांच गिरफ्तार, वेंटिलेटर पर जिंदगी-मौत से जूझ रहा घायल
चंडीगढ़ में युवक पर जानलेवा हमला पर मौली जागरां पुलिस ने पांच आरोपितों पर हत्या के प्रयास में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घायल और आरोपित सभी राजीव कालोनी के रहने वाले है। उनका राजीव कालोनी में कोई पुराना झगड़ा था या नहीं इसकी पुष्टि नहीं हुई।
मनीमाजरा (चंडीगढ़), जेएनएन। मामूली विवाद को लेकर युवक पर जानलेवा हमला पर मौली जागरां पुलिस ने पांच आरोपितों पर हत्या के प्रयास में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की पहचान पंचकूला की राजीव कालोनी के राहुल , आशिष, गोपाल , साहिल और संजय के रूप में हुई। पुलिस पांचों आरोपितों को कोर्ट में पेश करेगी।
पुलिस के अनुसार देर रात पुलिस को जीएमसीएच-32 से सूचना आई कि राजीव कालोनी का सुमित नामक युवक बुरी तरह घायल हालत में इलाज के अस्पताल आया। सूचना पाते ही मौली जागरां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पर पुलिस ने सुमित के पिता राजकुमार के बयान पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
शिकायत में सुमित के पिता राजकुमार ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात 9 बजे उनका बेटे मौली जागरां की मस्जिद के पास नूडल खाना गया। इस दौरान वहां पर राजीव कालोनी के राहुल, आशीष, गोपाल, साहिल और संजय भी पहुंच गए और बातों बातों उनकी सुमित से झड़प हो गई। झड़प में पांचों आरोपितों ने सुमित पर चाकुओं से वार कर दिया और मौके से फरार हो गए। लहूलुहान सुमित अपने घर की ओर भागा।
इस दौरान किसी ने सुमित के घर पर भी इस घटना के बारे में बताया। वारदात के बारे में सुनते ही राजकुमार बेटे की खैर खबर लेने भागे और रास्ते में उन्हें सुमित लहूलुहान हालत में मिला। जिसके बाद वो उसे सेक्टर-6 पंचकूला सिविल अस्पताल लेकर गए। जहां उसकी नाजूक हालात देखते हुए उसे जीएमसीएच-32 में रेफर कर दिया।
वहीं इस बारे में थाना प्रभारी जुल्दान सिंह का कहना है कि घायल और आरोपित सभी राजीव कालोनी के रहने वाले है। उनका राजीव कालोनी में कोई पुराना झगड़ा था या नहीं इस बारे में कोई पुष्टि नहीं हुई। पुलिस जांच कर रही है।