सरकारी खजाने से आठ लाख खर्च कर धार्मिक टूर के लिए लेह-लद्दाख जाएंगे 24 पार्षद Chandigarh News
पार्षद 24 सितंबर को शहर से फ्लाइट पर रवाना होंगे और 28 की देर शाम लेह से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट पर ही वापस आएंगे।
चंडीगढ़, [राजेश ढल्ल]। नगर निगम के जो 24 पार्षद और दो अधिकारी लेह-लद्दाख टूर पर जा रहे हैं, उन पर सरकारी खंजाने से आठ लाख रुपये का खर्चा हो रहा है। जबकि इसे धार्मिक टूर का नाम दिया गया है। पार्षद 24 सितंबर को शहर से फ्लाइट पर रवाना होंगे और 28 की देर शाम लेह से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट पर ही वापस आएंगे। इस टूर पर जो आठ लाख रुपये का खर्चा आ रहा है उसमें चार लाख रुपये फ्लाइट की टिकटों पर खर्च किया जा रहा है, जिसकी बुकिंग हो चुकी है। वहीं बाकी बचा चार लाख रुपये का खर्चा लग्जरी होटल के कमरों पर खर्च होगा, जहां पर पार्षद और अधिकारी रहेंगे।
बता दें कि नगर निगम ने गुरुनानक देव जी के 550 वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में यह टूर प्लान किया है। लेह में पत्थर साहिब गुरुद्वारे में पार्षद और अधिकारी माथा टेकने के लिए जा रहे हैं। माथा टेकने के बाद पार्षद और अधिकारी लद्दाख में इधर-उधर सैर सपाटे पर भी जाएंगे। इन टूर में कांग्रेस, भाजपा और मनोनीत सभी पार्षद जा रहे हैं।
फंड की भारी कमी के बीच टूर पर खर्चे जा रहे लाखों
क्राफ्ड के वाइस चेयरमैन सुरेंद्र शर्मा का कहना है कि नगर निगम के पास इस समय फंड की भारी कमी है। ऐसे में नगर निगम के पार्षद और अधिकारी लाखों रुपये टूर पर खर्च कर रहे हैं। नगर निगम को यह तय करना चाहिए कि जब तक एमसी की वित्तीय स्थिति में सुधार नहीं हो जाता तब तक इस तरह के टूर पर पाबंदी लगा देनी चाहिए।
दो करोड़ रुपये का रखा फंड, उसमे से हो रहा है खर्च
नगर निगम ने गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव पूरा साल मनाने का फैसला लिया हुआ है। इस टूर में मेयर राजेश कालिया, सीनियर डिप्टी मेयर हरदीप सिंह, डिप्टी मेयर कंवरजीत राणा और अतिरिक्त कमिश्नर अनिल गर्ग खुद भी जा रहे हैं। नगर निगम ने गुरु नानक देव जी के 550वां प्रकाशोत्सव पूरा साल मनाने का निर्णय लिया है। जिसके लिए दो करोड़ रुपये का अलग से फंड भी रखा गया है। उसमें से ही टूर पर खर्चा हो रहा है। मेयर राजेश कालिया ने प्रकाशोत्सव को मनाने के लिए सीनियर डिप्टी मेयर हरदीप सिंह के नेतृत्व में कमेटी का भी गठन किया हुआ है।
यह पार्षद जा रहे हैं लेह माथा टेकने
मेयर राजेश कालिया, सीनियर डिप्टी मेयर हरदीप सिंह, डिप्टी मेयर कंवरजीत राणा, रवि कांत शर्मा, शीला देवी, पूर्व मेयर अरुण सूद, पूर्व मेयर राज बाला मलिक, गुरबख्श रावत, चंद्रवती शुक्ला, हीरा नेगी, विनोद अग्रवाल, रविंदर कौर गुजराल, शिप्रा बंसल, राजेश कुमार गुप्ता, कांग्रेस पार्षद दल के नेता देवेंद्र सिंह बबला, दलीप शर्मा, शक्ति देव शाली, भरत कुमार, अनिल कुमार दूबे, जगतार सिंह जग्गा, अजय दत्ता, सचिन कुमार लोहटिया, हाजी मोहम्मद खुर्शीद अली, सुनीता धवन अतिरिक्त कमिश्नर अनिल गर्ग और कार्यकारी अभियंता अजय गर्ग लेह में पत्थर साहिब गुरुद्वारें माथा टेकने के लिए जा रहे हैं।
इन्होंने टूर पर जाने से किया इंकार
पूर्व मेयर देवेश मोदगिल, आशा जसवाल, कांगेस पार्षद सतीश कैंथ, भाजपा पार्षद रवि शर्मा, विनोद अग्रवाल, महेश इंद्र सिद्धू, मनोनीत पार्षद चरणजीव सिंह, एमएस कांडल, सतप्रकाश अग्रवाल, डॉ. ज्योत्सना विग, पूर्व मेयर कमला शर्मा ने इस टूर पर जाने से इनकार कर दिया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें