चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष चावला का चैलेंज- इस्तीफा देकर चुनाव लड़े बबला, फिर पता चलेगा पार्टी की या निजी जीत
कांग्रेस छोड़कर पत्नी हरप्रीत कौर बबला के साथ भाजपा में गए देवेंद्र बबला ने कांग्रेस पर कई तरह के आरोप लगाए हैं। अध्यक्ष चावना ने चैलेंज दे दिया है कि बबला इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़े उससे पता लग जाएगी की पार्टी की जीत होगी या उनकी अपनी जीत होगी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए देवेंद्र बबला ने कांग्रेस में परिवारवाद का आरोप लगाए हैं। बबला के इन आरोपों पर कांग्रेस चंडीगढ़ अध्यक्ष सुभाष चावला ने जवाब दिया है। अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि क्या बबला की पत्नी को टिकट दिया गया क्या वह परिवारवाद नहीं था। उन्होंने बताया कि भाजपा में शामिल होने के बाद बबला ने कहा कि उनकी पत्नी की जीत कांग्रेस की नहीं है यह उनकी निजी जीत है। जिस पर चावला ने कहा कि यह तो वार्ड के लोग ही तय करेंगे। चावला ने कहा कि ऐसा ही था तो बबला ने कांग्रेस की टिकट क्यों ली। वह इस्तीफा देकर अब लड़कर देख लें।
शहर में दल बदल का नियम लागू नहीं होता चाहे कितने भी पार्षद दूसरे दल में चले जाएं। जबकि अब कई नेता यह नियम लागू करने की बात कर रहे हैं। बबला के भाजपा में जाने से कांग्रेस को झटका भी लगा है। जबकि बबला जब कांग्रेस में थे तो उन्हें भावी अध्यक्ष भी बताया जाता था। हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में बबला भाजपा में आए ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि बबला को हरियाणा सरकार में कोई जिम्मेदारी दी जा सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि देवेंद्र सिंह बबला और हरप्रीत कौर बबला ने बिना किसी शर्त के भाजपा को समर्थन दिया है और भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की है। उन्होंने कहा कि भाजपा का रुख हमेशा से स्पष्ट है कि भाजपा किसी भी पार्टी के साथ गठजोड़ नहीं करेगी। देवेंद्र सिंह बबला ने कहा है कि वे भले ही कांग्रेस पार्टी में थे लेकिन उनका दिल कहीं और था। कांग्रेस में घुटन महसूस हो रही थी। कांग्रेस पार्टी में परिवारवाद हावी हो गया है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा हॉर्स ट्रेडिंग आम आदमी पार्टी पार्टी द्वारा की जा रही है। उन्होंने महसूस किया है कि उनकी विचारधारा और भाजपा की विचारधारा मेल खाती है। उन्होंने यह भी कहा कि मेयर तो हम बनाएंगे ही पार्टी को मजबूत भी करेंगे। आम आदमी पार्टी चंद महीनों में ही एक्सपोज होने वाली है। उन्होंने अन्य पार्षदों से भी आह्वान किया कि अगर शहर की बेहतरी चाहते हैं तो भाजपा के साथ जुड़ जाइए।