मोहाली निगम चुनाव में जीत का जश्न आजाद ग्रुप के उम्मीदवार परमिंदर सिंह को पड़ा भारी, पुलिस ने दर्ज की FIR
मोहाली नगर निगम चुनाव में जीत की खुशी में आजाद ग्रुप के उम्मीदवार ने ऐसा कारनामा कर दिया कि अब पुलिस ने उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है। दरअसर आजाद ग्रुप के प्रत्याशी परमिंदर सिंह सोहना का जीत के जश्न का एक वीडियो वायरल हुआ है।
मोहाली, जेएनएन। मोहाली नगर निगम चुनाव में जीत की खुशी में आजाद ग्रुप के उम्मीदवार ने ऐसा कारनामा कर दिया कि अब पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दरअसर आजाद ग्रुप के प्रत्याशी परमिंदर सिंह सोहना चुनाव जीतने के बाद जश्न मना रहे थे। इस जश्न का एक वीडियो वायरल हो गया, जिससे परमिंदर सिंह सोहाना की परेशानी बढ़ गई है।
पुलिस ने आजाद ग्रुप के विजेता प्रत्याशी परमिंदर सिंह सोहाना और 12 अन्य लोगों के खिलाफ थाना सोहाना में मामला दर्ज किया है। दरअसर जीत के जश्न के दौरान खुशी में फायरिंग की गई। इस दौरान किसी ने इस घटना का वीडियो बना दिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उक्त वीडियो में जीत की खुशी में परमिंदर सोहाना और कुछ युवक फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद सोहाना थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर परमिंदर सिंह व अन्य 12 लोगों के खिलाफ दूसरों की जान को जोखिम में डालने के तहत आइपीसी की धारा 336, 188, 148, 149 व आर्म्स एक्ट तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद सोहाना पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार भी किया लेकिन बाद में दोनों को कोर्ट से जमानत मिल गई।
उधर, शनिवार को आजाद ग्रुप का नेतृत्व कर रहे कुलवंत सिंह ने कहा कि जो वीडियो वायरल हो रही है वे पूरी तरह से एडिट किया गया है। कुलवंत सिंह व परमिंदर सोहाना ने आरोप लगाया कि सेहत मंत्री के इशारे पर ये सब किया जा रहा है। क्योंंकि मोहाली के गांव दैड़ी में हुए जमीन घोटाले का मामला सोहाना की ओर से उजागर किया गया था। कुलवंत सिंह ने कहा कि जिन लड़कों ने फायरिंग की उन्हें पकड़ा जाए। जबकि उन पर दबाब बनाया जा रहा है कि परमिंदर सोहाना का नाम लिया जाए।
कुलवंत सिंह ने मोहाली पुलिस पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान आजाद ग्रुप के जिन उम्मीदवारों पर हमले हुए उनकी किसी भी शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। चुनाव के दौरान पार्षद सुखदेव सिंह पटवारी सहित कईयों पर हमले हुए उसमें पुलिस ने क्या किया। आजाद ग्रुप कांग्रेस के लिए खतरा साबित हो रहा है। इसलिए इस तरह के मामले दर्ज किए जा रहे हैं। लेकिन इस लड़ाई को लड़ा जाएगा।