हैदराबाद कांड के आरोपितों के एनकाउंटर पर शहर में मना जश्न
आरोपितों का शुक्रवार को एनकाउंटर होने पर पुलिस की सराहना हो रही है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : हैदराबाद में 29 नवंबर को वेटरीनरी डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और उसके बाद मर्डर के आरोपितों का शुक्रवार को एनकाउंटर होने पर पुलिस की सराहना हो रही है। दूसरी ओर इस एनकाउंटर पर सवालिया निशान भी लगाए जा रहे हैं। एनकाउंटर को लेकर शहर में हर वर्ग ने खुशी जाहिर कर पीड़िता को इंसाफ मिलने की बात कही। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर मुंह मीठा करवाया। पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट सेंटर पर भी स्टूडेंट्स ने खुशी मनाते हुए हैदराबाद पुलिस का शुक्रिया अदा किया। एग्जाम खत्म होते ही स्टूडेंट्स ने जश्न मनाया। स्टूडेंट्स ने कहा कि जब तक लोगों की मानसिकता नहीं बदलेगी, दुष्कर्म की वारदात रुकने वाली नहीं हैं। सबसे पहले सरकार को फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन करना चाहिए। उसके बाद यह प्रावधान होना चाहिए कि एक हफ्ते में आरोपियों को सजा दी जाए। एनकाउंटर की बात करें तो लड़की होने के नाते मैं खुश हूं। लेकिन अगर यही सब कानून के दायरे में रहकर होता तो खुशी बहुत ज्यादा होती।
-दीक्षा भनोट, स्टूडेंट डिपार्टमेंट जूलॉजी, पंजाब यूनिवर्सिटी बहुत ज्यादा खुशी हो रही है। दुष्कर्म के आरोपितों के लिए केवल एक ही सजा होनी चाहिए जो है मौत। कोर्ट में लंबे समय तक केस चलेगा फिर उसकी पैरवी में तारीख मिलेगी, यह सब बंद होना चाहिए। इन्वेस्टिगेशन के बाद आरोपितों को मौत की सजा देनी चाहिए।
-प्रिया शर्मा, स्टूडेंट डिपार्टमेंट ऑफ होटल मैनेजमेंट, पंजाब यूनिवर्सिटी जरूरत है कानून में बदलाव की। सबसे पहले कानून में संशोधन हो, लचर कानून की वजह से ही दुष्कर्म पीड़िताओं को देरी से इंसाफ मिलता है। हैदराबाद पुलिस ने बहुत अच्छा काम किया।
-श्रुति गुप्ता, स्टूडेंट, यूआइईटी, साउथ कैंपस सबसे पहले तो सरकार को चाहिए कि एक सख्त कानून बनाए या फिर कानून में संशोधन करे। दूसरा दुष्कर्म के आरोपितों के साथ किसी भी प्रकार की कोई भी दया भावना न हो। पुलिस द्वारा आरोपितों का एनकाउंटर करना मेरे हिसाब से बहुत अच्छी बात है।
-नीनू, गृहिणी, डीएमसी, सेक्टर-38 दुष्कर्म के आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा देनी चाहिए। इसके अलावा आरोपितों को पब्लिक के हवाले कर देना चाहिए जहां उनका इंसाफ हो।
-परमिदर सिंह, स्टूडेंट, एमए, पंजाब यूनिवर्सिटी महिलाओं के साथ आपराधिक मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में जो हैदराबाद पुलिस ने किया, वह बहुत ही सराहनीय कार्य है। इसके अलावा कानून को सख्त बनाने की जरूरत है। जो जल्द से जल्द होना चाहिए। जब तक कानून सख्त नहीं बनेगा और किसी दुष्कर्म के अपराधी को जल्द सजा नहीं मिलेगी, ऐसी वारदात कम नहीं होंगी।
-सोनिया मनचंदा, गृहिणी एवं मॉडल, सेक्टर-64, मोहाली