हार्ट पेशेंट को PGI ले जा रहे परिजनों की कार पलटी, बुजुर्ग की मौत Chandigarh News
भीषण हादसे के बावजूद किसी को कोई चोट नहीं आई। बाद में एंबुलेंस की सहायता से सभी को कुराली के सिविल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरो ने हरी सिंह को मृत घोषित कर दिया।
कुराली, जेएनएन। निकटवर्ती गांव सिंघपुरा में सोमवार तड़के तबियत बिगड़ने पर एक हार्ट पेशेंट बुजुर्ग को परिजनों द्वारा पहले कुराली सिविल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे पीजीआइ रेफर कर दिया। पीजीआइ ले जाते समय परिजनों की कार सिसवां रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई।
बुजुर्ग हरी सिंह (75) के बेटे परमिंदर सिंह ने बताया कि उनके पिता हार्ट पेशेंट थे। सोमवार तड़के करीब पांच बजे अचानक उनकी तबियत खराब होने पर कुराली लाया गया था। वहां से पीजीआइ रेफर कर दिया गया था। परमिंदर सिंह के अनुसार वो अपने पिता को घर ले आए और वहां से स्विफ्ट डिजायर में पत्नी एवं मां समेत पीजीआइ चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। सिसवां रोड पर गांव फतेहगढ़ और बड़ौदी के बीच पिता की तबियत ज्यादा बिगड़ गई। लिहाजा उसने घबराहट एवं जल्दी अस्पताल पहुंचने के चक्कर में कार की गति बढ़ा दी। इस दौरान सड़क पर आए कर्व की वजह से वो कार पर नियंत्रण नहीं रख पाए और कार नीचे लुढ़कते हुए गन्ने के खेत में जाकर पलट गई।
एंबुलेंस की मदद से फिर पहुंचे कुराली अस्पताल
परमिंदर सिंह ने बताया कि भीषण हादसे के बावजूद किसी को कोई चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद गांव बड़ौदी स्थित टोल प्लाजा पर तैनात एंबुलेंस की सहायता से सभी को कुराली के सिविल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरो ने हरी सिंह को मृत घोषित कर दिया। थाना सदर के एएसआइ तलविंदर सिंह ने बताया कि मृतक हरी सिंह के पुत्र परमिंदर सिंह के बयानों पर धारा-174 के तहत कार्रवाई की गई है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें