कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लोगों से किया धोखा
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह ने पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया है।
जागरण संवाददाता, जीरकपुर (मोहाली) : पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह ने पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया है। डेराबस्सी के विधायक एनके शर्मा ने शनिवार को जीरकपुर में कहा कि 'पंजाब मांग रहा जवाब' के तहत पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल रविवार को रैली को संबोधित करेगें। ऐसी रैलियां पूरे पंजाब में की जाएंगी। सवाल के जबाब में शर्मा ने कहा कि अपनी शादियों में तो पांच हजार लोग एकत्रित कर सकते हैं और लोगों के सवालों के लिए रैली नहीं कर सकते। विधायक ने कहा कि पंजाब का भविष्य बर्बाद हो रहा है। शर्मा ने कहा कि कैप्टन ने गुटखा साहिब की झूठी कसम खाई। पंजाब में नशे को खत्म करने में कैप्टन अमरिदर सिंह सरकार पूरी तरह से नाकाम रही है। पंजाब में कई किसानों ने आत्महत्याएं की हैं। कई किसानों के कुर्की के आर्डर निकल चुके हैं। कैप्टन सरकार ने कहा था कि बिजली बिल के 400 यूनिट माफ किए जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इससे उलट व्यापारियों को बंद इंडस्ट्री के एवरेज बिजली के बिल भेजे जा रहे हैं। पिछले चार साल में सूबे में कोई भी नया प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो सका है।
पंचकूला चंडीगढ़ में कर्फ्यू नहीं पंजाब रात नौ बजे बंद
विधायक ने कहा कि मोहाली के व्यापारियों का हाल बेहाल है। ट्राईसिटी में सिर्फ जिला मोहाली ही ऐसा है जहां पर रात नौ बजे सबकुछ बंद हो रहा है। व्यापार चौपट हो रहा है। कर्फ्यू लगाया जा रहा है, लेकिन कोरोना नहीं रूक रहा। व्यापारियों को राहत देने के लिए सरकार की ओर से क्या घोषणा की गई। सिर्फ फरमान सुना दिया जाता है कि पंजाब में कर्फ्यू लगा दिया गया है। लेकिन शराब के ठेके खुले हैं। शर्मा ने कहा कि अकाली दल किसानों की पार्टी है और किसानों के साथ है। उन्होंने कहा कि जीरकपुर को रिग रोड़ की जरूरत है। लेकिन किसानों की जमीनों को सरकार कौडि़यों के भाव अधिगृहित कर रही है। लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।