चंडीगढ़ के सेक्टर-23 में सोना लूटने वाले दोनों आरोपितों को अदालत ने भेजा जेल, छोटू की तलाश जारी
चंडीगढ़ के सेक्टर-23 में मकान के अंदर गहने की कारीगरी करने वाले व्यक्ति से चाकू की नोक पर दिनदहाड़े 150 ग्राम सोना लूट लिया गया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था जबकि मुख्य आरोपित छोटू अभी फरार है।
चंडीगढ़, जेएनएन। सेक्टर-23 में मकान के अंदर गहने की कारीगरी करने वाले व्यक्ति की गर्दन पर चाकू लगाकर दिनदहाड़े 150 ग्राम सोना लूटने वाले कारीगर सहित दोनों आरोपितों को मंगलवार पेशी के बाद कोर्ट ने जेल भेज दिया। जबकि मुख्य आरोपित के साथी और मामले में तीसरे आरोपी छोटू की तलाश में पुलिस नया गांव में छापेमारी कर रही है। फिलहाल आरोपित घर से फरार चल रहा है।
वहीं मुख्य आरोपित नयागांव स्थित कुमाउ कालोनी निवासी 40 वर्षीय बिकास ने बताया कि शिकायतकर्ता कारीगर सम्राट की वजह से उसे व्यापार में नुकसान हुआ था। जिसकी वजह से सबक सिखाने के लिए अपने दोस्त धनास निवासी 25 वर्षीय कमलेश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपित की निशानदेही पर लूट के 60 प्रतिशत सोने की बरामदगी हुई है।
शिकायतकर्ता कारीगर सम्राट मूलरुप से बंगाल का रहने वाला है। वह कई वर्षों से सेक्टर-23 स्थित मकान की पहली मंजिल पर अॉफिस बनाकर गहनें की कारीगरी कर रहा है। शनिवार दोपहर करीब 2.40 बजे अॉफिस में अकेला था। इस दौरान एक आरोपित ने उसे कॉल कर बाहर बुलाया और दूसरे ने गर्दन पर चाकू लगा दिया। दोनों आरोपित उससे 150 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी से मिला सुराग, ऐसे हुई गिरफ्तारी
वारदात के बाद दोनों आरोपित पैदल जाते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। सेक्टर-22 चौकी इंचार्ज एसआइ नवीन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पड़ताल शुरू कर दी। शिकायतकर्ता द्वारा कैमरे की तस्वीर पहचान करने के बाद आरोपितों तक पुलिस पहुंच गई। दरअसल, मुख्य आरोपित को कई बार शिकायतकर्ता ही काम देता था। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।