पंजाब चुनाव में 65 सीटों पर लड़ेगी भाजपा, 39 सीटें कैप्टन अमरिंंदर की पंजाब लोक कांग्रेस को, सूची आज
Punjab Chunav 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भाजपा गठबंधन मेें सीटों पर समझौता होने के संकेत हैं। इसके अनुसार पंजाब में भाजपा 65 सीटोंं पर चुनाव लड़ेगी। कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के हिस्से में 39 सीटें आई हैं।
चंडीगढ़, [कैलाश नाथ]। Punjab Chunav 2022: पंजाब विधानसभा चुुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी, पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) गठबंधन में टिकटों के बंटवारे की रूपरेखा लगभग तय हो गई है। वहीं, लोक इंसाफ पार्टी (लिप) गठबंधन से बाहर हो गई है। गुरुवार को देर शाम तक लिप को गठबंधन में शामिल करने पर मंथन चलता रहा, लेकिन सीटों पर बात नहीं बनी। अब गठबंधन में सीटों का जो बंटवारा तय हुआ है, उसके अनुसार भारतीय जनता पार्टी 65 और कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस 39 सीटों पर लड़ेगी। शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) को 13 सीटें देने पर सहमति बनी है।
शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) को मिलेगी 13 सीटें, लोक इंसाफ पार्टी गठबंधन से बाहर
सीटों के बंटवारे पर अंतिम मुहर आज होनेवाली भाजपा की संसदीय समिति की बैठक में लगेगी। भाजपा व पीएलसी के बीच छह सीटों को लेकर पेंच फंसा हुआ है। ये वो सीटें हैं, जहां से दोनों ही पार्टियां चुनाव लड़ना चाहती हैं। इसके लिए भाजपा सर्वे रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि यह तस्वीर स्पष्ट हो जाए कि वहां किस पार्टी के उम्मीदवार को फायदा मिल सकता है। यह रिपोर्ट शुक्रवार सुबह तक आ जाएगी।
भाजपा व पीएलसी में छह सीटों पर पेंच, यहां दोनों उतारना चाह रहे उम्मीदवार
भाजपा गठबंधन में बैंस बंधुओं की लोक इंसाफ पार्टी को भी शामिल करना चाहती थी। इसे लेकर खासी माथापच्ची चलती रही। लोक इंसाफ पार्टी (लिप) पहले नौ और बाद में पांच सीटें मांग रही थी। भाजपा लिप को तीन सीटें देना चाहती थी। लिप का आधार लुधियाना की दो ही सीटों पर रहा है। अंत में बात नहीं बन पाई।
भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा पर कांग्रेस की नजर
भाजपा शुक्रवार को अपने सारे उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकती है। कांग्रेस भी भाजपा के टिकट बंटवारे पर नजर टिकाए हुए है। यह पहला मौका है, जब भाजपा 23 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक शनिवार को होने जा रही है। कांग्रेस 86 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। इसमें उसने चार विधायकों के ही टिकट काटे थे, जबकि 31 उम्मीदवारों की सूची में आधा दर्जन विधायकों के टिकट कट सकते हैं।