Punjab Chunav 2022: पंजाब में भाजपा को 'अपनों' से ज्यादा बाहरी उम्मीदवारों पर भरोसा
Punjab Chunav 2022 भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए अपने 34 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची से साफ होता है कि भाजपा ने चुनाव के लिए टिकट देने में अपनों की अपेक्षा बाहरी उम्मीदवारों पर ज्यादा भरोसा जताया है।

चंडीगढ़, [इन्द्रप्रीत सिंह]। Punjab Chunav 2022: भारतीय जनता पार्टी ने आज पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 34 सीटें के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इस सूची देखने पर साफ लग रहा है कि पार्टी ने अपने काडर पर भरोसा करने की बजाए दूसरी पार्टियों से आने वालों को ही प्राथमिकता दी है। खासतौर पर गढशंकर और फिरोजपुर सिटी ऐसी दो सीटें हैं जहां से दो नेता पार्टी के प्रांतीय प्रधान बने हैं। गढशंकर से अविनाश राय खन्ना चुनाव जीते थे और बाद में पार्टी के प्रधान बने। फिरोजपुर सिटी से कमल शर्मा भी पार्टी के प्रधान रहे थे जिनका दो साल पहले निधन हो गया।
फिरोजपुर सिटी, गढ़शंकर जैसी सीटों पर भी पार्टी काडर से नहीं दे सकी उम्मीदवार
पार्टी के सीनियर नेताओं का कहना है कि इन दोनों सीटों पर पार्टी के पास लड़ने के लिए कोई उम्मीदवार नहीं था। दिलचस्प बात यह है कि पहली सूची में पार्टी ने अपने प्रदेश प्रधान अश्विनी शर्मा और भाजपा के सबसे सीनियर नेता मदन मोहन मित्तल को भी जगह नहीं दी है।
भाजपा ने शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस और आप से आए नेताओं को अधिक संख्या में दिया टिकट
फिरोजपुर सिटी और गढशंकर से पार्टी ने कांग्रेस से आए उम्मीदवारों को टिकट दिया है। फिरोजपुर से पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी और गढशंकर से निमिषा मेहता को टिकट दी गई है। संगरूर से भी पार्टी ने कांग्रेस के पूर्व नेता और विधायक अरविंद खन्ना को सीट दी है। इसी तरह पार्टी ने अपने पुराने गठजोड़ साथी शिरोमणि अकाली दल से आए दीदार सिंह भट्टी को फतेहगढ़ साहिब से, मोहन लाल बंगा को बंगा से, कंवरबीर सिंह टोहरा को अमलोह से ,रूपिंदर सिंह सिद्धू को भुच्चो मंडी से और रविप्रीत सिंह सिद्धू को तलवंडी साबो से और रंजीत सिंह खोजेवाला को कपूरथला से टिकट दिया गया है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी से आए गुरप्रीत सिंह भट्टी को खन्ना से टिकट दिया गया है जो दीदार सिंह भट्टी जिन्हें पार्टी ने फतेहगढ़ साहिब से टिकट दिया है के भतीजे हैं।
केवल दो महिलाओं को ही मिली जगह, दो पूर्व ब्यूरोक्रेट भी सीट पाने में कामयाब
दो पूर्व ब्यूरोक्रेट को भी टिकट दिया गया है। गिल सीट से पार्टी ने पूर्व आईएएस एस आर लद्धड़ को टिकट दी जबकि पूर्व आईपीएस अशोक बाठ को बलाचौर से टिकट दिया गया है। पार्टी भी फिलहाल ज्यादा महिलाओं पर ज्यादा भरोसा नहीं जता सकी है। दीनानगर से रेणु कश्यप और निमिषा मेहता को टिकट दी है।
-------
आम आदमी पार्टी ने चार सीटों पर और उम्मीवार घोषित किए हैं-
सुजानपुर से अमिता सिंह मंटो
खडूर साहिब से मनजिंदर सिंह लालपुरा
दाखा से केएनएस कंग
लहरा गागा से बरिंदर कुमार गोयल।
Edited By Sunil Kumar Jha