पंजाब चुनाव 2022: खरड़ से जगमोहन कंग का पत्ता कट, सीएम चन्नी के खिलाफ खोला मोर्चा, मोहाली से भाजपा ने संजीव वशिष्ट को उतारा
Punjab Assembly Election 2022 भाजपा ने मोहाली सीट से संजीव वशिष्ट को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वहीं खरड़ सीट के टिकट न मिलने से नाराज कांग्रेस नेता जगमोहन सिंह कंग ने सीएम चन्नी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
रोहित कुमार, मोहाली। Punjab Assembly Election 2022: जिला मोहाली के तीनों विधानसभा हलकों से अलग-अलग राजनीतिक दलों से टिकट की दावेदारी पेश कर रहे उम्मीदवारों की टिकट कटने के बाद बगावती सूर उठने शुरू हो गए हैं। खरड़ सीट से कांग्रेस की टिकट का दावा कर रहे जगमोहन सिंह कंग का टिकट कट गया है, उनकी जगह विजय शर्मा टिंकू को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मोहाली सीट से भाजपा ने संजीव वशिष्ट को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। संजीव वशिष्ट मोहाली इंडस्ट्री एसोसिएशन के पूर्व प्रधान हैं। बता दें कि भाजपा और कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक पार्टी के मिलकर चुनाव लड़ रही है।
कांग्रेस से टिकट कटने के बाद खरड़ हलके में जगमोहन सिंह कंग व उनके समर्थकों ने चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कंग निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ सकते हैं। क्योंकि अन्य सभी पार्टियां खरड़ सीट से अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतार चुकी हैं। कंग से आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने भी मुलाकात की है।
वहीं, खरड़ सीट से भाजपा और पंजाब लोक पार्टी (पीएलसी) ने कमलदीप सैनी को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में भाजपा के कुछ नेता कमलदीप का विरोध कर रहे हैं। इन नेताओं का कहना है कि भाजपा का खरड़ में अच्छा होल्ड है और इस सीट पर भाजपा का उम्मीदवार होना चाहिए था, जबकि इस सीट पर पीएलसी के कमलदीप को प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा फिर से इस सीट पर फिर से विचार करने को कह रही है। संयुक्त समाज मोर्चा (किसान संगठन) ने परमदीप सिंह वैदवान, शिरोमणि अकाली दल( शिअद) ने रणजीत गिल और आम आदमी पार्टी (आप) ने अनमोल गगन मान को उम्मीदवार बनाया है।
दीपइंद्र सिंह ढिल्लों का भी होने लगा विरोध
डेराबस्सी हलके में भी भाजपा के उम्मीदवार संजीव खन्ना का विरोध हो रहा है। भाजपा के खन्ना को टिकट दिए जाने के बाद पार्टी के कई मंडल पदाधिकारियों व सदस्यों ने इस्तीफे दे दिए हैं। कांग्रेस ने इस सीट से दीपइंद्र सिंह ढिल्लों को उम्मीदवार बनाया है। ढिल्लों की टिकट को लेकर भी कांग्रेस में विरोध शुरू हो गया है। पार्टी हाईकमान को उम्मीदवार बदलने के लिए कहा जा रहा है। वहीं, शिअद ने डेराबस्सी के मौजूदा विधायक एनके शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। आप की ओर से कुलजीत रंधावा और संयुक्त समाज मोर्चा ने नवजोत सिंह सैनी को मैदान में उतारा है।
मोहाली में कांटे की टक्कर
वहीं, अब मोहाली सीट से संजीव वशिष्ट को भाजपा ने उम्मीदवार घोषित कर दिया है। कांग्रेस ने मौजूदा विधायक बलबीर सिंह सिद्धू और आम आदमी पार्टी से कुलवंत सिंह चुनाव मैदान में हैं। मोहाली सीट से अभी तक कांग्रेस और आप के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। क्योंकि दोनों ही उम्मीदवार जिले में अच्छी पैठ रखते हैं। इसलिए यह मुकाबला ज्यादा रोमांचक हो गया है।