पंजाब चुनाव 2022: भाजपा गठबंधन सहयोगी शिअद संयुक्त ने जारी की 12 प्रत्याशियों की सूची, देखें पूरी लिस्ट
SAD Sanyukt Candidate List 2022 Punjab Election पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शिअद संयुक्त ने अपने 12 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। शिअद संयुक्त भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहा। गठबंधन में कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी लोक कांग्रेस पार्टी भी शामिल है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) ने 12 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। भाजपा शिअद संयुक्त व कैप्टन अमरिंदर सिंह की लोक इंसाफ पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। गठबंधन में भाजपा 65, लोक कांग्रेस पार्टी 39 व शिअद संयुक्त 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
शिअद संयुक्त की सूची
- लहरागागा - परमिंदर सिंह ढींडसा
- दिडबा - सोमा सिंह घराचो
- साहनेवाल - हरप्रीत सिंह गरचा
- जैतो - बीबी परमजीत कौर गुलशन
- महल कलां - संत सुखविंदर सिंह
- बाघापुराना - जगतार सिंह राजेआना
- सुनाम - सन्मुख सिंह मोखा
- फिल्लौर - सरवन सिंह फिल्लौर
- टांडा - मनजीत सिंह दसूहा
- सुल्तानपुर लोधी - जुगराज पाल सिंह शाही
- खेमकरण - दलजीत सिंह गिल
- कादिया - मास्टर जौहर सिंह
प्रत्याशी घोषित करने में शिअद संयुक्त ने मारी बाजी
बता दें, भारतीय जनता पार्टी, पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) में टिकटों के बंटवारे को लेकर गत दिवस फाइनल रूपरेखा तय की गई। गठबंधन में प्रत्याशी घोषित करने में शिअद संयुक्त ने बाजी मार ली है। गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी 65, कैप्टन की पार्टी 39 व शिअद संयुक्त 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। हालांकि इस पर अंतिम मोहर आज लगनी है।
वहीं, बताया जा रहा है कि भाजपा भी आज अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है। कांग्रेस भी भाजपा के टिकट बंटवारे पर नजर टिकाए हुए है। यह पहला मौका है जब भाजपा 23 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इससे पहले भाजपा का अकाली दल से गठबंधन था। तब पार्टी के खाते में 23 सीटें थी। लेकिन इस बार गठबंधन टूटा तो एक और गठबंधन बन गया। इस गठबंधन को भाजपा लीड कर कर रही है। वहीं, कांग्रेस 86 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। अकाली-बसपा गठबंधन व आम आदमी पार्टी भी लगभग सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं।