भगवंत मान बोले- पंजाब के आप विधायक व पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे किसान ट्रैक्टर परेड में
पंजाब के आप विधायक व पार्टी के नेता किसानों की ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लेंगे। यह जानकारी पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान ने दी। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करनेे के लिए मोटरसाइकिल रैली भी निकाली जाएगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी 26 जनवरी को किसानों की ओर से ‘किसान ट्रैक्टर परेड’ में लोगों जुटाने के लिए पंजाब में मोटरसाइकिल रैली आयोजित करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान और किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व विधायक कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ता 23 जनवरी को पूरे पंजाब में मोटरसाइकिल रैली करेंगे, ताकि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसानों की ओर से की जाने वाली ट्रैक्टर परेड में ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल हो सकें।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद पहली बार ऐसी परेड होगी, जहां एक तरफ दिल्ली में देश के जवान परेड करेंगे और दूसरी तरफ दिल्ली के बाहरी सड़कों पर अपने ट्रैक्टरों के साथ देश के किसान ट्रैक्टर परेड करेंगे। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर आम आदमी पार्टी के सभी विधायक और पदाधिकारी किसान ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लेंगे और अपने देश के किसान भाइयों के हौसले बुलंद करेंगे। आम आदमी पार्टी के सारे कार्यकर्ता इस परेड में नेता के रूप में नहीं, बल्कि देश के एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि आज हमारा देश बहुत नाजुक दौर से गुजर रहा है। संविधान में निहित सभी अधिकारों को मोदी सरकार द्वारा रौंदा जा रहा है। संविधान ने देश के सभी नागरिकों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने और अपनी बात कहने का अधिकार दिया है, लेकिन मोदी सरकार लोगों के इस लोकतांंत्रिक अधिकार को तानाशाही रवैया अपनाकर रौंद रही है। उन्होंने कहा कि संविधान को बचाने के लिए किसान ट्रैक्टर परेड में शामिल होना भारत के प्रत्येक देशभक्त नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
यह भी पढ़ें: यह कैसा शांति मार्च: पंजाब में बड़े पैमाने पर ट्रैक्टरों में लगवाए जा रहे हैं लोहे के राॅड
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें