अरुण सूद बने बीजेपी चुनाव समिति के अध्यक्ष, सांसद खेर व टंडन सदस्य
30 अगस्त को हुई प्रदेश स्तर की हुई कार्यसमिति में सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद को अधिकृत किया गया था कि वे इन दोनों कमेटियों के सदस्यों की नियुक्ति करें।
चंडीगढ़, [राजेश ढल्ल]। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने रविवार पार्टी की चुनाव समिति और अनुशासन समिति के पदाधिकारियों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष द्वारा चुनाव समिति में 9 सदस्यों और अनुशासन समिति के तीन सदस्यों को नियुक्त किया गया है। उनके द्वारा की गई सभी नियुक्तियां पार्टी के संविधान के अनुसार की गई है।
इन सभी नियुक्तियों के लिए पार्टी की 30 अगस्त को हुई प्रदेश स्तर की हुई कार्यसमिति में सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद को अधिकृत किया गया था कि वे पार्टी के संविधान के अनुसार इन दोनों कमेटियों के सदस्यों की नियुक्ति करें। चुनाव समिति में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद समिति के चेयरमैन होंगे, जबकि सांसद किरण खेर, संगठन महामंत्री दिनेश कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, प्रदेश उपाध्यक्ष आशा जसवाल, प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर और रामबीर भट्टी,महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता धवन और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार इसके सदस्य होंगे।
उल्लेखनीय है कि चुनाव समिति के सदस्यों द्वारा नगर निगम के चुनावों के समय उम्मीदवारों के चयन और लोकसभा चुनावों के दौरान सांसद पद के उम्मीदवार के नाम की सिफारिश राष्ट्रीय संसदीय समिति के समक्ष भेजी जाती है।
अरोड़ा बने अनुशासन समिति के चेयरमैन
इसके अलावा तीन सदस्यीय समिति में प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने रघुवीर लाल अरोड़ा, जोकि पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं, को कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है। इसके अलावा हितेश पंडित और जगजोत सिंह, जोकि पेशे से वकील हैं, को समिति में शामिल किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष किसी भी प्रकार की अनुशासनात्मक शिकायत पर उसे जांच के लिए समिति के पास भेजते हैं और जांच के बाद समिति सदस्य अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखते हैं। उपरोक्त दोनों कमेटियों के सदस्यों की नियुक्ति के उपरांत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने सभी सदस्यों को बधाई प्रदान करते हुए कहा कि चुनाव समिति और अनुशासन समिति के सभी सदस्य पार्टी के संगठनात्मक विषयों से भलीभांति परिचित हैं।