अयोध्या में श्री रामलला की स्थापना की खुशी, आर्टिस्ट वरुण टंडन ने फूलों से बनाई भागवान की कलाकृति
वरुण ने कहा कि उन्होंने आठ घंटे में इसे तैयार किया जिस दौरान वह पल पल भगवान श्री राम का नाम जपते रहे।
चंडीगढ़, [शंकर सिंह]। अयोध्या में श्री रामलला की स्थापना की खुशी में देश में विभिन्न तरीके से इसका इजहार किया जा रहा है। इसी कड़ी में जालंधर के वरुण टंडन ने फूलों से भगवान श्री राम की कलाकृति को तैयार किया है। वरुण ने कहा कि इस कलाकृति को फूलों की माला से तैयार किया गया है। वरुण विभिन्न तरह के मेटेरियल से अपने आर्टवर्क तैयार करते हैं, ऐसे में भगवान श्री राम की कलाकृति बनाने के लिए उन्होंने मंदिर में मिलने वाली माला के फूलों का इस्तेमाल किया।
वरुण ने कहा कि उन्होंने आठ घंटे में इसे तैयार किया, जिस दौरान वह पल पल भगवान श्री राम का नाम जपते रहे। वरुण ने कहा इसमें दिक्कत फूलों को चिपकाने में थी, जिसके लिए फेवीकोल में पानी मिलाकर इस से फूलों को चिपकाया। वरुण इससे पहले भी दिलचस्प मेटेरियल का इस्तेमाल करते हुए आर्टवर्क तैयार करते रहे हैं। उन्होंने स्वर्गीय बलबीर सिंह सीनियर के पोर्ट्रेट को भी हॉकी स्टिक के टुकड़ों से तैयार किया था।
राम मंदिर शिलान्यास के उपलक्ष्य में भाजपा बांटेगी 25 क्विंटल लड्डू
पीएम मोदी की ओर से पांच अगस्त को अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का नींव पत्थर रखा जाएगा। इस उपलक्ष्य में चंडीगढ़ भाजपा द्वारा 25 क्विंटल देसी घी के लड्डू वितरित किए जाएंगे। यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने दी। सूद ने बताया कि लगभग 500 वर्षो से भी अधिक जिस घड़ी की प्रतीक्षा सभी देशवासियों को थी, वह दिवस आ गया है। इसलिए इस दिन कार्यकर्ता 25 क्विंटल देसी घी के लड्डू वितरित करने जा रहे हैं। कार्यक्रम के आयोजन के लिए पार्टी के प्रदेश महामंत्री रामबीर भट्टी को कोऑर्डिनेटर लगाया गया है। इस काम में वरिष्ठ उप महापौर रविकांत शर्मा, सचिव अनूप गुप्ता, प्रवक्ता गौरव गोयल और पार्षद विनोद अग्रवाल भी उनका हाथ बंटा रहे हैं। उनकी देख रेख में पार्टी कार्यालय में रविवार से हलवाई लड्डू बनाना शुरू कर चुके हैं। गौरतलब है कि इस काम में 30 लोगों की लड्डू तैयार करने में जुटी है। सूद ने बताया कि पार्टी कार्यालय में साफ-सफाई का पूरी तरह से ध्यान रखा गया है।