सिद्धू के खिलाफ भाजपा ने किया प्रदर्शन, श्मशानघाट में फूंका पाकिस्तान का झंडा
पुलावामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के जवानों की शहादत और पाकिस्तान के मामले में पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के रुख के खिलाफ भाजपा ने बुधवार को प्रदर्शन किया।
जासं, चंडीगढ़ : पुलावामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के जवानों की शहादत और पाकिस्तान के मामले में पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के रुख के खिलाफ भाजपा ने बुधवार को प्रदर्शन किया। उपाध्यक्ष रामवीर भट्टी के नेतृत्व में सेक्टर 25 के रैली ग्राउंड में रोष प्रदर्शन कर प्रदर्शनकारियों ने सिद्धू पर जमकर निशाना साधा। कार्यकर्ता सेक्टर-2 स्थित नवजोत सिंह सिद्धू के घर पर जाकर प्रदर्शन करना चाहते थे, जिन्हें पुलिस ने धारा-144 का हवाला देते हुए आगे नहीं बढ़ने दिया। इस पर कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान का झंडा सेक्टर-25 में ही बने श्मशानघाट में जाकर फूंकने का निर्णय लिया। लेकिन उन्हें पुलिस ने श्मशानघाट के अंदर नहीं घूसने दिया। ऐसे में भाजपा के उपाध्यक्ष रामवीर भट्टी की पुलिस कर्मचारियों के साथ जमकर बहस भी हुई।
इस अवसर पर पार्टी के महासचिव प्रेम कौशिक ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू मंत्री के रूप में उनकी पत्नी चेयरपर्सन और उनका बेटा सरकारी वकील के रूप में जो पंजाब सरकार को चूना लगा रहे हैं और इसके बावजूद देशविरोधी बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसी बयानबाजी करना उनके लिए शर्मनाक है और हम इसका विरोध कर रहे हैं।
श्मशानघाट की पार्किंग में फूंका इमरान खान का पुतला
भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्मशानघाट की पार्किंग में ही पाकिस्तान का झंडा और उसके प्रधानमंत्री इमरान खान का पुतला फूंका। वहीं उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू से मंत्री पद छोड़ने की मांग की। रोष प्रदर्शन में कुलजीत सिंह, अमित राणा, कृष्ण कुमार, सोहन सिंह, अश्वनी लक्की, दीपक उनियाल, गुरदीप सिंह और विजय राणा ने भी भाग लिया।