Accident in Chandigarh: तेज रफ्तार कार सवार ने साइकिल पर जा महिला को मारी टक्कर, मौत
Accident in Chandigarh चंडीगढ़ में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर बरपा है। एक तेज रफ्तार कार सवार ने साइकिल सवार महिला को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में कार सवार महिला को काफी आगे तक घसीटता हुआ ले गया। महिला की अस्पताल में मौत हो गई।
चंडीगढ़, जेएनएन। Accident in Chandigarh: चंडीगढ़ में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर बरपा है। एक तेज रफ्तार कार सवार ने साइकिल सवार महिला को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में कार सवार महिला को 150 से 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में गंभीर घायल महिला को जीएमएसएच सेक्टर-16 में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उक्त हादसा मंगलवार को हुआ है। सेक्टर-26 पुलिस लाइन की बैक साइड वाली सड़क पर तेज रफ्तार कार सवार ने महिला को टक्कर मार दी।
मृतक महिला की पहचान बापूधाम में रहने वाली नूरजहां के तौर पर हुई है। वहीं आरोपित कार चालक को मौके पर मौजूद लोगों ने दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। संबंधित सेक्टर 26 थाना पुलिस ने आरोपित होंडा अमेज कार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के बाद जमानत पर छोड़ दिया। आरोपित की पहचान पंचकूला के रहने वाले सुधीर दुआ के तौर पर हुई है। नूरजहां की एक बेटी और एक बेटा है। आरोपित सुधीर एक निजी बैंक का कर्मचारी है। पुलिस ने आरोपित को जमानत पर छोड़ दिया है।
जानकारी के अनुसार महिला बापूधाम में रहती है। मृतका का अपना टी स्टॉल है। हालांकि इन दिनों शहर में लॉकडाउन के चलते वह बच्चों को ट्यूशन भी दे रही थी। मंगलवार सुबह करीब दस बजे मार्केट से घर वापसी के समय हादसे का शिकार हो गई। नूरजहां के सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उसकी मौत हुई है। दूसरी तरफ, पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां कोविड-19 की रिपोर्ट के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजनों को सौंप दिया जाएगा।