कृषि कानून के समर्थन में BJP की किसान ट्रैक्टर रैली पर AAP ने उठाए सवाल, कहा- मंजूरी किसने दी
आप संयोजक प्रेम गर्ग का कहना है कि इस कोरोना के समय में सत्ता पक्ष भाजपा को संयम रखना चाहिए। ऐसे में वह दूसरों को शारीरिक दूरी और भीड़भाड़ वाले एरिया में ना जाने की नसीहत देती है। लेकिन वह खुद ही नियमों को तोड़ रही है।
चंडीगढ़, जेएनएन। कृषि कानून के समर्थन में भाजपा की ओर से की जा रही किसान ट्रैक्टर रैली पर आम आदमी पार्टी ने सवाल खड़ा कर दिया है। आप का कहना है कि भाजपा को इस रैली को करने के लिए मंजूरी किसने दी। आप संयोजक प्रेम गर्ग का कहना है कि इस कोरोना के समय में सत्ता पक्ष भाजपा को संयम रखना चाहिए। ऐसे में वह दूसरों को शारीरिक दूरी और भीड़भाड़ वाले एरिया में ना जाने की नसीहत देती है। लेकिन वह खुद ही इस तरह के बड़े कार्यक्रम करके नियमों को तोड़ रही है।
यह ट्रैक्टर रैली सेक्टर 34 में भाजपा कार्यालय से शुरू हो रही है। जिसमें भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी शामिल हो रहे हैं। आप संयोजक प्रेम गर्ग का कहना है कि अगर उनकी पार्टी के 10 लोग भी इकट्ठे होते हैं तो पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें रोक दिया जाता है। गर्ग का कहना है कि क्या धारा 144 आम आदमी पार्टी के लिए ही लगाई गई है।
मालूम हो कि सोमवार को कृषि कानून के खिलाफ कांग्रेस ने भी विरोध-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने गवर्नर हाउस जाकर मांग पत्र सौंपा था। इस विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी फिजिकल डिस्टेंस का ध्यान नहीं रखा और कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मास्क भी नहीं पहना हुआ था। भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद का कहना है कि मंगलवार को होने वाली रैली में 300 से ज्यादा ट्रैक्टर शामिल होंगे। उनका कहना है कि इस रैली में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं। सूद का कहना है कि इस कृषि अध्यादेश को लेकर विपक्षी पार्टियां सिर्फ गुमराह करने की राजनीति कर रही है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें