गुरु जी के प्रकाश उत्सव पर काटा 550 किलो का केक
गुरु नानक देव जी के जन्मदिवस को एक खास तरीके से मनाया गया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : गुरु नानक देव जी के जन्मदिवस को एक खास तरीके से मनाया गया। आम तौर पर तो प्रकाश उत्सव पर विभिन्न तरह के आयोजन होते हैं। मगर मंगलवार को सेक्टर-19 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में 550 किलो का केक काटा गया। इसका आयोजन सतनाम सिंह और समनदीप सिंह ने किया। मंगलवार को इस केक को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। करीब आठ घंटे की मेहनत से ये केक बन पाया। इसे काटने खुद गायक सुखशिदर शिदा पहुंचे।
दो लाख की लागत से बना केक
सतनाम ने कहा कि गुरु जी का प्रकाश उत्सव हर किसी के लिए खुशहाली से भरा रहा है। खास बात ये रही कि इस वर्ष करतारपुर कॉरिडोर भी खुल गया है। इससे बड़ा तोहफा हमें नहीं मिल सकता था। ऐसे में हमने सोचा कि इस बार गुरु जी के जन्मदिवस पर 550 किलो का केक काटा जाए। इसे बनाने के लिए करीब 10 लोग लगे। जिसमें दो सो किलो की ट्रे पर पहले केक की शीट तैयार की गई फिर उस पर 150 किलो क्रीम की लेयर लगाई। इसे बनाने में करीब दो लाख का खर्च किया गया। गुरु जी के लिए तो आना ही था
सुखशिदर शिदा ने कहा कि वैसे तो गुरु जी के प्रकाश उत्सव पर आना ही मेरे लिए खास बात रही, साथ ही गुरु जी के लिए बनाए इस विशाल केक को काटना भी मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैंने इस केक को बच्चों के साथ काटा है जिनमें भगवान बसते हैं। गुरु जी के आशीर्वाद से आज मैं जहां भी पहुंचा हूं, उसके लिए उनका शुक्रिया अदा करता हूं। सिख श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष करतारपुर कॉरिडोर भी खुल गया, इससे बड़ा तोहफा हम सभी को नहीं मिल सकता था। मैं कोशिश करूंगा कि जल्द ही श्री करतारपुर साहिब के दर्शन भी कर सकूं। गायिकी में गुरु जी का गान करता रहूंगा
सुखशिदर ने कहा कि गुरु जी की महानता अपनी नई पीढ़ी को बताने के लिए वे निरंतर अपने गीतों में उनका गुणगान करते रहेंगे। वह आने वाले समय में कई शबद गाएंगे जिसमें गुरु जी की महानता और कॉरिडोर के खुलने की खुशी शामिल होगी।