चोरी की 40 बाइक बरामद, छह गिरफ्तार
चंडीगढ़ पुलिस को अब इसमें एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ पुलिस को अब इसमें एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने चोरी की दस बुलेट मोटरसाइकिल सहित कुल 40 एक्टिवा और बाइक के साथ एक गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस अभी यह जांचने में लगी हुई कि आरोपितों के साथ कोई और भी शामिल है या नहीं। पुलिस ने 20 जनवरी 2020 को कवि, बलजिदर सिंह और शरनजीत को किसी अन्य मामले में गिरफ्तार किया था। इसके अलावा सेकटर 17 थाना पुलिस ने बलजिदर को वाहन चोरी मामले में गिरफ्तार किया था। सेक्टर-39 थाना एसएचओ अमनजोत को गुप्त सूचना मिली थी कि दोपहिया वाहन चोरी करने वाला एक गिरोह जाली नंबर प्लेट लगकर सेक्टर 40 स्थित पार्क के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सेकटर 40 में नाका लगाया। नाके पर पुलिस ने जाली नंबर लगाकर घूम रहे मोहाली निवासी लवप्रीत, एक्टिवा सवार हरदीप सिंह, एक्टिवा सवार रविन्द्र गिरी, बाइक सवार शरनजीत सिंह को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्य कवि सिंह और बलजिदर सिंह को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के 40 दोपहिया वाहन बरामद किए। पकड़े गए सभी आरोपित पंजाब के ही रहने वाले हैं जो पंजाब और चंडीगढ़ से बाइक चोरी करने के बाद उन्हें पंजाब में बेचा करते थे। आरोपितों की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ के गांव हरगने निवासी लवप्रीत सिंह, मोहन माजरा निवासी हरदीप सिंह, मोहाली निवासी शरणजीत सिंह, रविन्द्र गिरी, कवि और बलजिदर सिंह के रूप में हुई है।