लॉकडाउन के बाद कुवैत में फंसे 177 भारतीय गो एयर की फ्लाइट से पहुंचे स्वदेश
यह फ्लाइट रात को सवा सात बजे एयरपोर्ट पर पहुंची। एयरपोर्ट पहुंचने पर सभी यात्रियों की मेडिकल जांच की गई।
चंडीगढ़, जेएनएन। कोरोना महामारी के कारण लगे लॉकडाउन में फंसे 177 भारतीय बुधवार देर शाम चंडीगढ़ पहुंचे। गो एयर की फ्लाइट (जी 87228) में यह यात्री चंडीगढ़ पहुंचे है। यह सभी यात्री पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड से थे। यह फ्लाइट रात को सवा सात बजे एयरपोर्ट पर पहुंची। एयरपोर्ट पहुंचने पर सभी यात्रियों की मेडिकल जांच की गई। कुवैत से आए इन सभी लोगों को अपने गृहराज्य में 14 दिन तक क्वारंटाइन रहना होगा।
गृह मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी किए गए सभी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए यह फ्लाइट ऑपरेशनल की गई थी। कोविड-19 से संबंधित सभी उपाय हवाई अड्डे पर किए गए। सभी यात्रियों की स्वास्थ्य विभाग पंजाब द्वारा जांच की गई और बाद में उन्हें आव्रजन और सीमा शुल्क मंजूरी के बाद संबंधित राज्यों को सौंप दिया गया। बाद में सभी यात्रियों को संबंधित राज्यों द्वारा जारी प्रोटोकॉल के अनुसार क्वारंटाइन के लिए भेजा गया। अब यह सभी यात्री अपने गृहराज्य में 14 दिन तक क्वारंटाइन रहेंगे। संबंधित राज्य अधिकारियों ने यात्रियों को संबंधित राज्यों में स्थानांतरित करने के लिए परिवहन की व्यवस्था की थी।
यात्रियों को दिक्कत न हो इसका रखा गया खास ध्यान
चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता प्रिंस ने बताया इस फ्लाइट को ऑपरेशनल करने में सभी एजेंसियों ने मिलकर सहयोग किया। इस दौरान सीआइएसएफ, आव्रजन, सीमा शुल्क, पंजाब पुलिस, चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संबंधित स्टाफ मौके पर मौजूद रहा। सभी अधिकारियों व एजेंसियों ने उचित समन्वय के साथ और मिलकर काम किया, ताकि इन यात्रियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें