मोहाली में दिवाली पर 16 लोग झुलसे
फेज-6 में पटाखों से झुलसने के कारण सोलह लोग इलाज करवाने पहुंचे।
जागरण संवाददाता, मोहाली : दिवाली पर मोहाली के सिविल अस्पताल फेज-6 में पटाखों से झुलसने के कारण सोलह लोग इलाज करवाने पहुंचे। इन में दो बच्चे भी शामिल हैं। सिविल अस्पताल प्रशासन के मुताबिक निजी अस्पतालों से अभी आंकड़ा प्राप्त नहीं हुआ। झुलसे मरीजों की संख्या ज्यादा हो सकती है। वहीं, फायर स्टेशन पर आग की पचास से ज्यादा कॉल्स आई। लेकिन कहीं पर भी कोई बड़ी घटना नहीं हुई। उधर, प्रशासन की ओर से पटाखे चलाने के निर्देशों की खूब धज्जियां उड़ी। पीसीआर पर सौ से ज्यादा कॉल्स आई। लेकिन इसके बावजूद पटाखे चलते रहे। जीरकपुर, डेराबस्सी, कुराली, खरड़, नयागांव, मुल्लांपुर, लालडू में भी आग पर झुलसने की घटनाएं हुई। किसी को रेफर नहीं किया गया
फेज-1 निवासी पप्पू के पेट पर पटाखा गिर गया। पप्पू ने बताया कि उसने मुर्गा छाप पटाखों का डिब्बा अपनी जेब में रखा था। पटाखे की चिगारी जेब पर पड़ने पर सभी पटाखे जल गए। सेक्टर-56 निवासी गुरप्रीत सिंह, करमजीत कौर अनार जलाते समय झुलस गई। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। किसी को भी रेफर नहीं किया गया है। नशे की हालत में किया झगड़ा
उधर, जीरकपुर के सिटी एन्क्लेव फेज तीन में नशे की हालत में युवकों ने कारों के शीशे तोड़ दिए। वहीं, 16 के करीब लोगों को घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नशे में युवकों ने पवन कुमार मोपी के सिर पर वार किया। जिससे वे बुरी तरह घायल हो गया। उसके सिर पर चौदह टांके लगे। नशे की हालत में युवकों ने किशन कुमार, रोशनी देवी, राजपाल के अलावा अन्य लोगों पर भी वार किया। जीरकपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।