निरंकारी मिशन चंडीगढ़ के 123 श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान, कहा- नहीं होने देंगे खून की कमी
सोमवार को निरंकारी मिशन की संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन ने संत निरंकारी सत्संग भवन सेक्टर-30ए में चंडीगढ़ जोन के 22वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 123 यूनिट रक्तदान किया गया। इसमें महिलाओं ने भी भाग लिया।
चंडीगढ़, जेएनएन। निरंकारी मिशन के श्रद्धालु निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के आशीर्वाद से समाज सेवा में योगदान देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। चाहे कोई भी परिस्थिति हो, जैसे सतगुरु के आदेश पर सेवाओं में जुट जाते हैं। लगातार निरंकारी मिशन रक्तदान शिविर, सफाई अभियान व अन्य समाज सेवी कार्यों में अपना योगदान देता आ रहा है।
इसी लड़ी में सोमवार को निरंकारी मिशन की संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन ने संत निरंकारी सत्संग भवन सेक्टर-30ए में चंडीगढ़ जोन के 22वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमे 123 यूनिट रक्तदान किया गया। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। कोरोना माहमारी के दौर में निरंकारी मिशन के श्रद्धालु रक्तदान करके मानवता की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देकर सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज का संदेश ”इस संसार में रहने वाले सभी इंसान हमारे अपने हैं और इनकी सेवा करना हमारा फर्ज है“ को जन जन तक पहुंचाने का काम किया है।
इस रक्तदान शिविर का उद्घाटन डॉ. मनमोहन सिंह होम्योपैथी और वीके मल्होत्रा ने किया। उन्होंने निरंकारी मिशन द्वारा किए जा रहे इस महान योगदान की प्रशंसा की और कहा कि यह मानवता की भलाई के लिए बहुत ही सराहनीय कार्य है। कोरोना के समय में ब्लड बैंकों में आई रक्त की कमी को दूर करने के लिए निरंकारी मिशन भरपूर सहयोग दे रहा है। इस अवसर पर चंडीगढ़ जोन के जोनल इंचार्ज केके काश्यप ने रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा हरदेव सिंह का संदेश रक्त नालियों में नहीं बल्कि नाड़ियों में बहना चाहिए को सार्थक करने के लिए श्रद्धालु भक्तजन इस सेवा में भाग ले रहे हैं। संत निरंकारी मिशन द्वारा पूरे देश में लाकडाउन के बाद रक्त की कमी को देखते हुए कोरोनाकाल में लगातार इस तरह के रक्तदान कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इस पहले चंडीगढ़ जोन में 21 रक्तदान शिविरों में 2200 यूनिट रक्तदान कर ब्लड बैंको की जरूरत को पूरा किया गया।
इस अवसर पर पीजीआइ चंडीगढ़ के ब्लड बैंक से डॉ. अनीता के नेतृत्व वाली 20 सदस्यों की टीम और सेक्टर-6 पंचकूला के सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक से ड़ॉ. मनोज तिवारी के नेतृत्व में आठ सदस्यों की टीम ने रक्त एकत्रित किया। ब्रांच के संजोयक नवनीत पाठक ने रक्तदाताओ व डॉक्टरों की टीम और सब एरिया के मुखी और सेवादल के क्षेत्रीय संचालक व संचालकों का धन्यवाद किया।