अवैध संबंधों में रोड़ा न बने, इसलिए पत्नी व देवर ने की थी हत्या
रॉड व ईंटें मारकर की गई एक युवक की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही सुलझा लिया है।
जासं, बठिडा : बठिडा की मंदिर कालोनी में रॉड व ईंटें मारकर की गई एक युवक की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही सुलझा लिया है। मृतक जॉनी राम की हत्या की उसकी पत्नी व उसके छोटे भाई ने ही मिलकर की है, चूकि दोनों के आपस में अवैध संबंध थे, और मृतक उनके संबंधों में रोड बन रहा था। पुलिस ने आरोपित पत्नी व उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी सिटी टू आशंवत सिंह व थाना थर्मल प्रभारी बलविदर सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी राधा के मृतक के ही छोटे भाई टोनी राम के साथ अवैध संबंध थे जो थ्री-व्हीलर चलाता था व अभी अविवाहित था। मृतक जॉनी राम उक्त संबंधों का विरोध करता था जिस कारण वह दोनों की आंखों में खटकता था। शुक्रवार सुबह 4 बजे जब जॉनी राम काम पर जाने के लिए साइकिल से निकला तो घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर छुपे टोनी राम ने पीछे से उस पर रॉड से हमला करके उसे गंभीर जख्मी कर दिया। उसके गिरने के बाद टोनी ने उसे नजदीक प्लाट में फैंक दिया व ईंटों से उसके सिर पर कई वार किए जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसने शव को ईंटों के ढेर के नीचे छुपा दिया व मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी के अपने उक्त देवर के साथ अवैध संबंध थे व उसका पति इन संबंधों में रोड़ा बना हुआ था। उसे रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। गत दिन पूहला कालोनी निवासी जॉनी राम पुत्र अमी चंद का शव कालोनी के नजदीक सुनसान जगह से बरामद हुआ था। मृतक के सिर पर रॉड व ईंटें मारकर बुरी तरह कुचला हुआ था। डीएसपी सिटी-2 आशवंत सिंह व थाना थर्मल प्रभारी बलविन्द्र सिंह ढिल्लों ने पड़ताल शुरू की तो मामले का राजफाश हुआ।