प्रताप नगर और बसंत विहार की कई गलियों में पानी की समस्या
महानगर के प्रताप नगर और बसंत विहार इलाके की कई गलियों में लंबे समय से पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों को कई बार समस्या बताने के बावजूद कोई समाधान नहीं हो पा रहा है।
जागरण संवाददाता, बठिडा : महानगर के प्रताप नगर और बसंत विहार इलाके की कई गलियों में लंबे समय से पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों को कई बार समस्या बताने के बावजूद कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोग भूजल का इस्तेमाल करने के लिए मजबूर हैं। भूजल पीने लायक नहीं है। अब इन क्षेत्रों के लोग राज्य के वित्तमंत्री एवं क्षेत्र के विधायक मनप्रीत बादल की बठिडा टीम की ओर से बनाए गए वाट्सएप ग्रुप में इसकी शिकायतें डाल रहे हैं। ग्रुप में मनप्रीत सिंह बादल खुद भी शामिल हैं। हालांकि इस ग्रुप में शिकायतें किए जाने के बाद वाटर सप्लाई विभाग की तरफ से इसका संज्ञान तो लिया जा रहा है लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
प्रताप नगर के निवासी विपन कुमार, रिपी शर्मा, कुलविदर सिंह, अमन शर्मा आदि ने बताया कि बचित्र सिंह धर्मशाला वाली गली, गली नंबर एक-डी, दो-डी, तीन-डी तथा चार-डी में पिछले 10 सालों से पीने के पानी की सप्लाई की समस्या बनी हुई है। यह गलियां अन्य इलाके से ऊंची हैं। इसके कारण इन गलियों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। मोटरें चलाकर मुश्किल से आधा घंटा सप्लाई मिल पाती है। इससे लोगों की जरूरतें पूरी नहीं हो रही हैं। पिछले दिनों शिकायत किए जाने के बाद विभाग के कर्मचारी पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि 5-डी गली की छह इंच पाइप के साथ आपका कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा, जिससे 30 फीसद समस्या का समाधान हो जाएगा। लोगों ने कहा कि अब वे अगले सप्ताह वित्तमंत्री से ही मिलेंगे, ताकि इस इलाके में पानी की नई टंकी बनवाई जा सके। मांगपत्र तैयार किया जा चुका है। टंकी के निर्माण से ही समस्या का स्थायी हल हो पाएगा।
टंकी के निर्माण से प्रताप नगर के अलावा लाल सिंह बस्ती, सुरखपीर रोड, एसएएस नगर आदि इलाकों की पानी समस्या भी दूर हो जाएगी। उधर, बसंत विहार की गली नंबर 6, 7/1, 7/2 7/3 में भी वाटर सप्लाई की समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है। मामूली मात्रा में अगर पानी आता भी है तो वह रात के दो बजे आता है। इलाका निवासी संजीव सिगला ने बताया एफएम ग्रुप में समस्या डाले जाने के बावजूद अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। चार दिनों तक हो जाएगा समस्या का समाधान: एसडीओ
वाटर सप्लाई विभाग के एसडीओ विक्रमजीत सिंह ने बताया कि चार नंबर झील का एक हिस्सा पानी में बह जाने के कारण उसकी रिपेयर का काम चल रहा है। इसके शुक्रवार तक ठीक हो जाने की उम्मीद है। झील में पानी कम हो चुका है। 50 फीसद ही सप्लाई दी जा पा रही है। चार दिनों तक बसंत विहार की समस्या हल हो जाएगी। इससे प्रताप नगर की समस्या भी आरजी तौर पर कुछ हद तक दूर हो जाएगी। स्थायी तौर पर इस समस्या का समाधान आगामी गर्मी के मौसम तक ही हो पाएगा। नई डाली जाने वाली पाइप का आर्डर किया जा चुका है।