सुरक्षा कर्मी पर हमला कर अस्पताल से विचाराधीन कैदी फरार
एक विचाराधीन कैदी सोमवार सुबह वार्ड के सुरक्षा कर्मी पर हमला कर वहां से फरार हो गया।
जासं, बठिडा : नशा तस्करी के आरोप में सिविल अस्पताल के कैदी वार्ड में उपचार के लिए भर्ती एक विचाराधीन कैदी सोमवार सुबह वार्ड के सुरक्षा कर्मी पर हमला कर वहां से फरार हो गया। उधर हमले में घायल हुए एएसआइ मोहन लाल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने घायल एएसआइ के बयान पर फरार हुए विचारधीन कैदी बलकार सिंह उर्फ सोनी निवासी अपरा, जिला जालंधर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
आरोपित बलकार सिंह को कुछ समय पहले थाना महलकलां जिला बरनाला पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उसे केंद्रीय जेल बठिडा में बंद था। उसने कुछ दिन पहले जेल में फंदा लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी। जिस कारण उसके कुछ चोट भी लगी थी और इलाज के लिए सिविल अस्पताल के कैदी वार्ड में दाखिल करवाया था। सोमवार सुबह आरोपित बलकार सिंह ने एएसआई मोहन लाल पर अचानक हमलाकर उसे घायल कर दिया और वार्ड की खिड़की का शीशा तोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सिविल अस्पताल पुलिस चौकी के एएसआई रजिदर कुमार पुलिस टीम समेत मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि घायल एएसआई मोहन लाल ने बयानों पर फरार हुए विचाराधीन कैदी पर मामला दर्ज कर लिया है। घायल एएसआई मोहन लाल ने अपने बयानों में बताया कि वह और हवलदार बलदेव सिंह कैदी वार्ड में ड्यूटी पर थे। इस दौरान आरोपित बलकार सिंह के पेट में दर्द होने की बात कही और तबियत •ा्यादा खराब होने का बहाना लगाकर व्हील चेयर की माँग की। एएसआई मोहन लाल ने बताया कि हवलदार बलदेव सिंह हवालाती के लिए व्हील चेयर लेने चला गया तो बलकार सिंह ने उसे धक्का दे कर नीचे फैंक दिया और कमरो में लगे शीशे को तोड़कर उसपर हमला कर दिया। जिस कारण वह घायल हो गया और बलकार सिंह मौके से भाग गया। पुलिस चौकी की इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रमनदीप कौर ने बताया कि आरोपित बलकार सिंह के खिलाफ पर्चा दर्ज किया गया है। वही उसकी खोज के लिए पुलिस की अलग अलग टीमें बनाईं गई हैं।