सिकंदर मलूका ने हरसिमरत के इस्तीफे का किया समर्थन
पूर्व पंचायत मंत्री सिकंदर सिंह मलूका की अगुआई में शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया।
जासं, बठिडा : शिरोमणि अकाली दल के किसान विग के प्रधान तथा पूर्व पंचायत मंत्री सिकंदर सिंह मलूका की अगुआई में शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया। इसमें जिले के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। इस दौरान लोकसभा में खेती बिलों पर पार्टी के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की तरफ से डटकर विरोध करने तथा हरसिमरत कौर बादल की तरफ से केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने का समर्थन किया गया। सिकंदर सिंह मलूका ने कहा के हरसिमरत कौर बादल ने किसानों के हक में इस्तीफा देकर साबित कर दिया है कि शिरोमणि अकाली दल ही एक ऐसी पार्टी है जो किसानों तथा पंजाब के हितों के लिए संघर्ष करती है जरूरत पड़ने पर हर कुर्बानी देने के लिए तैयार है। शिरोमणि अकाली दल हमेशा पंजाब के किसानों, खेत मजदूरों, आढतियों तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा करता आया है, इसलिए शिअद कभी भी किसान विरोधी ऑर्डिनेंस की हिमायत करने के बारे में सोच भी नहीं सकता। केंद्र सरकार की तरफ से अपना फैसला ना बदलने पर अकाली दल ने भी अपनी पुरानी रिवायतों के अनुसार पंजाब के लोगों के हित में खड़े होने का फैसला किया है। कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी की किसानों के साथ कोई हमदर्दी नहीं है। यह केवल इस मुद्दे पर अपनी सियासी रोटियां ही सेकना चाहते हैं। इस मौके पूर्व मुंत्री जनमेजा सिंह सेखों, सरूप चंद सिगला, जीत महेंद्र सिंह सिद्धू, दर्शन सिंह कोटफत्ता, जिला प्रधान जगदीप सिंह नकई, गुरप्रीत सिंह मलूका, मोहन सिंह बंगी, सुखदेव सिंह बाहिया, बलकार सिंह बराड़, जगसीर सिंह कल्याण, सतनाम सिंह, इकबाल सिंह बबली ढिल्लों, बलजीत सिंह बीड़ बहमन आदि भी मौजूद थे।