गुरु पुष्कर के जन्मोत्सव पर सेवा कार्य संपन्न
जैन सभा बठिडा द्वारा जैन स्कूल में उपाध्याय साधना के शिखर पुरुष अध्यात्मयोगी गुरुदेव पुष्कर मुनि जी की 112वीं जयंती मनाई गई।
संस, बठिडा : जैन सभा बठिडा द्वारा जैन स्कूल में उपाध्याय साधना के शिखर पुरुष अध्यात्मयोगी गुरुदेव पुष्कर मुनि जी की 112वीं जयंती मनाई गई। इस दौरान संतों द्वारा बताया गया कि ब्राह्मण कुल में जन्मे पिता सूरज मल व माता बाली बाई एवं भरा पूरा परिवार छोड़कर 14 वर्ष की उम्र में जैन संत महास्थविर गुरुदेव तारा जी महाराज की सेवा में जैन संत बनकर अनेक भाषाओं का अनेक ग्रंथों का पठन पाठन स्वाध्याय कर गुरु पुष्कर महान वाचक, लेखक, पंडित व अध्यात्म साधना में हमेशा आगे बढ़ते गए। उनकी ध्यान साधना के पश्चात प्रतिदिन मंगल मंत्रों का उच्चारण करके भक्तों को आशीर्वाद दिया करते थे। हजारों भक्तजनों के उपरांत अनेक समाजसेवी, राजनेता, धर्मचार्य, उद्योगपति जन भी उनकी साधना का लाभ लिया करते थे। समारोह के मुख्य अतिथि वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह, चेयरमैन इंप्रूवमेंट ट्रस्ट केके अग्रवाल, पंजाब प्रदेश कांग्रेस, प्लानिग बोर्ड के चेयरमैन राजन गर्ग, ओएसडी सरफराज, मंगल देश के अध्यक्ष संदीप जैन, स्वागत अध्यक्ष शिव कुमार प्रषोत्तम जैन ध्वजारोहण कर्ता वीरेंद्र डांगी गुरुभक्त सुकनराज धारीवाल के अलावा चंडीगढ़, लुधियाना, नादौन (हिमाचल), उदयपुर, अहमदाबाद, जोधपुर, पाली व दिल्ली आदि अनेक श्री संघ उपस्थित रहे । इसके अलावा सिरसा, गिद्दड़बाह, रामा मंडी, कालावली, रानिआ, डबवाली, आलूपुर, सरदूलगढ़, रोड़ी, जैतो, फरीदकोट, रामपुरा, बरनाला दिल्ली आदि से सैकड़ों स्थानों से भक्तजनों ने अपनी वंदनाएं समर्पित की। मुख्यातिथि मनप्रीत सिंह बादल ने स्कूल के लिए 11 लाख रुपये का सहयोग प्रदान किया। प्रधान महेश जैन वाइस चेयरमैन जैन स्कूल प्रमोद जैन, महामंत्री उमेश जैन, मंत्री पुष्पइंदर जैन विमल जैन एवं समस्त संस्थाओं ने उनका हार्दिक अभिनंदन किया। प्रारंभ में साहित्यकार सुरेंद्र द्वारा भक्तामर जी का पाठ एवं गुरुपुष्कर देवेंद्र के जीवन दर्शन का परिचय, अहिसा प्रदर्शनी व मंगल जाप का सफल आयोजन किया गया। जैन स्कूल के बच्चों द्वारा गुरु पुष्कर जी के जीवन पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की गई। समाज द्वारा सामूहिक प्रसाद प्रभावना व लक्की ड्रा आदि के भव्य आयोजन किए गए। महामंत्री उमेश जैन ने मंच का सफल संचालन करते हुए सभी संस्थाओं का हार्दिक आभार प्रकट किया।