परेशानी का कारण बना भुच्चो मंडी का फाटक
भुचो मंडी के चक्कां वाले रेल फाटक पर पुल न होने के कारण मंडी तथा आस पास के इलाके के गांव वासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
रमन सिगला, भुच्चो मंडी
भुच्चो मंडी के चक्कां वाले रेल फाटक पर पुल न होने के कारण मंडी तथा आस पास के इलाके के गांव वासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दिन भर में दर्जनों रेल ट्रेनें गुजरने के समय रेल फाटक काफी समय बंद रहता है, जिस कारण लोगों को लंबे समय प्रतीक्षा करनी पड़ती है। फाटक बंद होने के कारण बड़े-बड़े जाम लग जाते हैं।
भुच्चो मंडी के 13 वार्डो में से तीन वार्ड रेल लाइन के उस पार बसे हुए हैं और दर्जनों गांवों के लोगों को भुच्चो मंडी आने के लिए यही मुख्य रस्ता है। भुच्चो मंडी से मौड़ मंडी और तलवंडी साबो को जाने वाले लोगों को भी इसी रस्ते से ही गुजरना पड़ता है। ऐसे में भारी गिनती लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने रेलवे विभाग से मांग की कि इस फाटक पर पुल बनाया जाये। इस संबंधी मंडी व आस पास के इलाके के गांवों से बातचीत के मुख्य अंश भुच्चो मंडी के तीन वार्डों के लोगों को यह फाटक क्रास कर रोजाना मंडी में आना पड़ता है। लगभग हर बार फाटक बंद मिलने के कारण लोगों को काफी समय फाटक पर रुकना पड़ता है। गर्मी, सर्दी और बरसातों में लोगों को इस कारण भारी परेशानी होती है। मरीजों को अस्पताल तक ले जाने में भी काफी दिक्कत होती है। इस फाटक पर पुल बहुत जरूरी है।
- वैद जगदीश सिंह कंग, वासी गुरु अर्जन देव नगर
-गांव वासियों को जरूरी कामों के लिए अकसर ही भुच्चो मंडी आना पड़ता है। कई बार कोई बहुत जरूरी काम जाना होता है, पर रास्ते में फाटक बंद होने के कारण हमारा आधा घंटा खराब हो जाता है। इस मेन सड़क पर आवाजाई बहुत ज्यादा है, पर फाटक के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। रेल विभाग लोगों की समस्या को देखते हुए पुल बनवाए।
- किसान सुखबीर सिद्धू, वासी चक्क फतेह सिंह वाला
भुच्चो मंडी रोड पर ट्रैफिक ज्यादा है और रेल फाटक अक्सर ही बंद रहता है। इस कारण यहां बड़े बड़े जमा लग जाते हैं। कई मोटरसाइकिल व स्कूटर स्वार तो अपनी जान जोखिम में डाल कर फाटक के नीचे से अपने वाहन निकालते हैं, जिस कारण किसी भी समय कोई हादसा हो सकता है। फाटक बंद होने के कारण लोगों का बहुत सा कीमती समय खराब हो जाता है।
- पन्ना लाल, वासी गांव करतारपुर थांदे आजकल लोगों के पास समय की कमी होती है। भुच्चो मंडी से जाने वाले व मंडी आने वाले लोग फाटक बंद होने के कारण लगने वाले जाम से बहुत परेशान हैं। जाम के कारण उनका बहुत समय बर्बाद होता है और कई बार जरूरी काम पर पहुंचने में देरी होने के कारण उनका नुकसान भी हो जाता है। वाहन चालक जाम से जल्दी निकलने के चक्कर में कई बार आपस में भी उलझते रहते हैं।
-कपिल गर्ग, वासी भुच्चो मंडी