वाटर सप्लाई व सीवरेज बोर्ड के कर्मियों ने भी हड़ताल कर दिया धरना
कर्मचारियों ने भी मंगलवार को मुकम्मल हड़ताल करके अपने कार्यालय परिसर में धरना दिया।
जागरण संवाददाता, बठिडा : मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की तरह ही वाटर सप्लाई व सीवरेज बोर्ड के कर्मचारियों ने भी मंगलवार को मुकम्मल हड़ताल करके अपने कार्यालय परिसर में धरना दिया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती उनका संघर्ष जारी रहेगा। हड़ताल में दफ्तर के तमाम कर्मचारियों के अलावा फील्ड के कर्मियों ने भी भाग लिया।
वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड इप्लाइज यूनियन के नेता गुरदीप सिंह बराड़ ने कहा कि यह हड़ताल मिनिस्टीरियल एवं यूटी मुलाजिम संघर्ष कमेटी के आह्वान पर उनके समर्थन में की गई है। राज्य सरकार छठे पे कमीशन की रिपोर्ट को लागू करे, डीए की बकाया पड़ी किश्तों का भुगतान किया जाएगा। हरेक प्रकार के कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार उनके विभाग का आकार छोटा करने की साजिशें रच रही हैं। लेकिन सरकार की इन साजिशों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के राज्य भर के कर्मचारियों की ओर से संयुक्त रूप में कड़ा संघर्ष शुरू किया जाएगा।