स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की तैयारियां शुरू, नोडल अधिकारी नियुक्त
निगम की ओर से स्वछ सर्वेक्षण 2021 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। तैयारियों को लेकर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठकों को सिलसिला शुरू कर दिया है।
सुभाष चंद्र, बठिडा : निगम की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। तैयारियों को लेकर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठकों को सिलसिला शुरू कर दिया है। उनकी तरफ से पिछले दो दिनों से लगातार बैठकें की जा रही हैं। बीते शुक्रवार की शाम को की गई बैठक के दौरान उन्होंने नोडल अधिकारियों की नियुक्तियां भी कर दी हैं। इसमें सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर (एसई) हरपाल सिंह भुल्लर, एसई किशोर चंद बांसल तथा एक्सईएन गुरप्रीत सिंह बुट्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन बैठकों के दौरान उन्होंने केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की तरफ से वर्ष 2021 की प्रतियोगिता के लिए जारी की गए नए दिशा निर्देश पर चर्चा की। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इन दिशा निर्देश को अच्छी तरह से पढ़ लेने को कहा है, ताकि किसी को कोई शंका न रहे। गर निगम कमिश्नर शेरगिल ने जनवरी में होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले-पहले तमाम कमियों को दूर करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि रिहायशी और कामर्शियल क्षेत्रों में सफाई, कचरा कलेक्शन करने वाले टिप्परों की तकनीकी दिक्कतों, कचरा कलेक्शन के काम में लगे कर्मचारियों को आ रही समस्याओं, खुले में शौचमुक्त संबंधी आ रही दिक्कतों को तुरंत दूर किया जाए। इसके साथ ही शहर भर में जहां पर भी खाली प्लाटों में कचरा पड़ा हुआ है, उसे तुरंत वहां से हटाया जाए।
पंजाब में हैट्रिक लगा चुका है बठिडा
केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से हर साल आयोजित की जाती इस प्रतियोगिता में नगर निगम बठिडा पिछले तीन वर्षों से पंजाब में लगातार अव्वल नंबर पर आकर अपना दबदबा बनाए हुए है। वर्ष 2018, 2019 तथा वर्ष 2020 में लगातार प्रतियोगिता में पंजाब में पहला स्थान प्राप्त कर चुका है। हालांकि इस बार राष्ट्रीय स्तर की रैंकिग में बठिडा वर्ष 2019 की प्रतियोगिता के मुकाबले काफी पिछड़ गया था, जबकि कोशिशें और भी सुधार की की थी। फिर भी राज्य में अपने रुतबे को बरकरार रखा। नगर निगम की इस बार फिर से न केवल अपने रुतबे को बरकरार रखने की पुरजोर कोशिश में है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की रैंकिग में सुधार करने पर जोर दिया जा रहा है।
इन बैठकों में सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर हरपाल सिंह भुल्लर और किशोर चंद बांसल, एक्सईएन गुरप्रीत सिंह बुट्टर, प्रोजेक्ट मैनेजर बलजिदर सिंह साहनी, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर सतीश कुमार बंडरवाल, संदीप कटारिया, सोनू कुमार आदि थे।