प्रधानमंत्री उड़ान योजना खत्म, अब नहीं मिलेगी टिकट पर सब्सिडी
बठिडा से नई दिल्ली और जम्मू के लिए चलने वाली फ्लाइट बीते मार्च और नवंबर से बंद पड़ी हुई हैं।
सुभाष चंद्र, बठिडा : बठिडा से नई दिल्ली और जम्मू के लिए चलने वाली फ्लाइट बीते मार्च और नवंबर से बंद पड़ी हुई हैं। लेकिन अब जब भी दोबारा फ्लाइट शुरू होंगी तो यात्रियों को टिकट पर सब्सिडी नहीं मिलेगी। अब उन्हें पूरा किराया अदा करना पड़ेगा। बठिडा एयरपोर्ट के चालू होने पर केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री उड़ान योजना के तहत दी गई सब्सिडी की समय अवधि खत्म हो गई है। इस योजना के तहत यह सब्सिडी तीन वर्षों के लिए दी गई थी। बठिडा से नई दिल्ली और जम्मू के लिए 70 सीटर अलाइंस एयरलाइन की फ्लाइट चलती रही हैं। अब किसकी फ्लाइट चलेगी और कब चालू होंगी, इसके बारे में भी एयरपोर्ट अथारिटी के पास कोई अपडेट नहीं हैं। बठिडा से नई दिल्ली और जम्मू के लिए उड़ी उड़ानें
बठिडा से सबसे पहले नई दिल्ली के लिए दिसंबर 2016 में फ्लाइट शुरू हुई थी, जोकि बीती 24 मार्च तक चलती रही है। इसी तरह जम्मू के लिए फरवरी 2018 में यह सेवा शुरू हुई थी। लेकिन जहां जम्मू के लिए चलने वाली फ्लाइट नवंबर 2019 में ही बंद हो गई थी, वहीं नई दिल्ली के लिए कोरोना काल के शुरू होने से फ्लाइट बंद है। नई दिल्ली के लिए आखिरी फ्लाइट बीती 24 मार्च को गई थी। उसके बाद से आज तक यह सेवा बंद ही पड़ी हुई है। नई दिल्ली के लिए सप्ताह में तीन दिन फ्लाइट चलती थीं। जबकि जम्मू के लिए हर रोज एक फ्लाइट थी। दोनों तरफ अलाइंस एयरलाइन की 70 सीटर फ्लाइट चलती थीं। इस दौरान तीन वर्षों के लिए प्रधानमंत्री उड़ान योजना के तहत 50 फीसद सीटों पर सब्सिडी दी गई थी। शुरुआत में नई दिल्ली के लिए सब्सिडी पर 1295 रुपये व जम्मू के लिए 1095 रुपये किराया अदा करना पड़ता था। लेकिन केंद्र सरकार की ओर से दी गई तीन वर्षों के लिए सब्सिडी की समय अवधि बीते अप्रैल में समाप्त हो चुकी है। नई दिल्ली के लिए एक साल में 5460 लोगों ने उठाया लाभ
बेशक यह योजना अब बंद हो गई है, लेकिन इसकी समय अवधि के दौरान नई दिल्ली के लिए यात्रा करने वाले लोगों में से करीब 5460 यात्रियों ने एक साल में सब्सिडी का फायदा उठाया। एक साल में 156 फ्लाइट उड़ीं। जबकि तीन सालों में 468 फ्लाइंट से 16380 यात्रियों ने सब्सिडी का लाभ लिया। इसी तरह जम्मू के लिए एक साल में 365 बार जहाज उड़े और 12775 लोगों को सब्सिडी का लाभ मिला। जम्मू के लिए एक साल 10 महीने फ्लाइट चली हैं। 22 महीनों में करीब 668 उड़ानें हुई हैं। जिसमें 23,380 यात्रियों को प्रधानमंत्री उड़ान योजना से सब्सिडी का लाभ प्राप्त हुआ है। लेकिन अब जब यह दोबारा उड़ानें शुरू होंगी तो यात्रियों को यह लाभ हासिल नहीं होगा। संभवत अब अलाइंस एयरलाइन
नहीं चलेगी
अलाइंस एयरलाइंस के सेल्ज मैनेजर सचिन कुमार गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री उड़ान योजना बंद हो चुकी है। बठिडा एयरपोर्ट के चालू होने पर अलाइंस एयरलाइंस ने ही अपना आपरेशन शुरू किया था। अब दोबारा इस एयरलाइन के चलने के लिए कोई अपडेट नहीं है। संभवत अब यह एयरलाइन नहीं चलेगी।