सड़क हादसों में एक की मौत, तीन वर्षीय बच्चे समेत चार घायल
शहर में हुए विभिन्न हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
जासं, बठिडा : शहर में हुए विभिन्न हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सहारा जनसेवा की टीम ने सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया।
पहले मामले में एक एक्टिवा चालक का पैलेस रोड पर अचानक संतुलन बिगड़ गया। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सहारा जनसेवा की लाइफ सेविग टीम के सदस्य विक्की कुमार व अन्य ने घायल एक्टिवा सवार को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां बाद में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रमेश शाह (65) पुत्र अर्शफी शाह निवासी बाबा फरीद नगर के तौर पर हुई।
वहीं बठिडा- गिद्दड़बाहा रोड पर गांव सिवियां मौड़ पर एक मोटरसाइकिल व बस की टक्कर हो गई। इसमें मोटरसाइकिल सवार सुखदेव राज पुत्र कुंदन लाल घायल हो गया। उसे सहारा जनसेवा की टीम के सदस्य इंद्रजीत सिंह व प्रीतम सिंह ने सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके अलावा बीड़ तालाब बस्ती नंबर छह में एक तीन वर्षीय बच्चा अपने पिता के साथ साइकिल पर जा रहा था। अचानक बच्चे का पैर साइकिल के अगले पहिए में फंस गया। इससे बच्चे का पैर बुरी तरह से कट गया।
सूचना मिलने पर सहारा जनसेवा की लाइफ सेविग टीम के सदस्य इंद्रजीत सिंह व विक्की कुमार मौके पर पहुंचे व घायल बच्चे हरभगवान सिंह पुत्र मनप्रीत सिंह निवासी बीड़ तालाब को सिविल अस्पताल पहुंचाया। बच्चे का पैर टूट गया है। वहीं फरीद नगर गली नंबर पांच में बुधवार रात्रि एक युवक गली में खड़ा था। इस दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उसके सिर पर लोहे की राड से हमलाकर घायल कर दिया। सहारा टीम ने घायल युवक अदित्य कुमार पुत्र दविद्र कुमार निवासी अजीत रोड को अस्पताल में पहुंचाया।