पूर्व मंत्री हरमिंदर सिंह का कांग्रेस से इस्तीफा, आजाद लड़ेंगे
कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हरमिंदर सिंह जस्सी ने कांग्रेस से बागी होकर आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है।

संवाद सूत्र, रामां मंडी: दो बार हलका तलवंडी साबो व एक बार बठिडा से विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हरमिंदर सिंह जस्सी ने कांग्रेस से बागी होकर आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस हाइकमान को इस्तीफा भेज दिया है। पूर्व मंत्री जस्सी के आजाद चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद जहां टकसाली कांग्रेस नेताओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिल रही है। वहीं इसका असर मालवा की कई सीटों पर देखने को मिलेगा।
पूर्व मंत्री जस्सी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के समधी हैं और डेरा प्रेमी ही पूर्व मंत्री हरमिंदर सिंह जस्सी के चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। वहीं आने वाले कुछ दिनों में बड़ी संख्या में कई कांग्रेस नेता और पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस को छोड़ कर पूर्व मंत्री हरमिदर सिंह जस्सी के साथ जा सकते हैं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान जस्सी ने कहा कि चुनाव लड़ने का फैसला उनका नहीं, बल्कि उनके समर्थकों का है। वहीं जस्सी द्वारा आजाद चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद हलका तलवंडी साबो के सियासी समीकरण भी बदल रहे हैं। डेरा सच्चा सौदा सिरसा का इस हलके में काफी वोट बैंक है और डेरा प्रमुख के समधि होने के चलते जस्सी को इस बात का फायदा जरूर मिलेगा। ऐसे में जस्सी के बागी होने का कांग्रेस को नुकसान पहुंच सकता है। 1992 में पहली बार तलवंडी साबो से लड़ा था चुनाव पूर्व मंत्री हरमंदर सिंह जस्सी 1992 से 2017 तक लगातार चुनाव लड़ते रहे। 1992 में पहली बार कांग्रेस के टिकट से तलवंडी साबो से चुनाव लड़ा था। इसमें वह बसपा के जगदीप सिंह से 1992 वोट से विजेता रहे। इसके बाद 1997 में फिर से तलवंडी साबो से ही चुनाव में उतरे, जिसमें उन्होंने शिअद के जीत मोहिदर सिंह सिद्धू को 3193 वोट से हराया। वहीं 2002 में तलवंडी साबो से जीत मोहिदर सिंह सिद्धू से हार गए। इस साल सिद्धू आजाद चुनाव लड़े थे। 2007 में वह बठिडा सीट से चुनाव लड़े। इसमें वह शिअद के सरूप चंद सिगला से 14645 वोट से जीते। मगर 2012 में वह बठिडा सीट से सरूप चंद सिगला से ही हार गए। वहीं साल 2017 में वह मौड़ मंडी से आप के जगदेव सिंह कमालू से हार गए थे।
Edited By Jagran