मनरेगा कर्मियों ने वित्तमंत्री के दफ्तर आगे फूंका पुतला
मनरेगा मुलाजिमों की ओर से अपनी सेवाओं को रेगुलर करने की मांग को लेकर संघर्ष तेज कर दिया है।
जासं, बठिडा : पिछले करीब 12 वर्षों से मनरेगा के अधीन ग्रामीण विकास व पंचायत विभाग में काम कर रहे मनरेगा मुलाजिमों की ओर से अपनी सेवाओं को रेगुलर करने की मांग को लेकर संघर्ष तेज कर दिया है। शनिवार को उन्होंने राज्य के वित्तमंत्री व क्षेत्र के विधायक मनप्रीत सिंह बादल के कार्यालय के समक्ष मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह, सरकार के आर्थिक सलाहकार मोंटेक सिंह आहलूवालिया व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
मनरेगा कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुरिदर सिंह ने बताया कि मनरेगा मुलाजिमों की भर्ती पूरे पारदर्शी ढंग के साथ पक्की भर्ती के मापदंडों के अनुसार हुई है। लंबे समय से मुलाजिम अपनी सेवाओं को रेगुलर करने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। समय-समय पर मुलाजिमों को सरकार की तरफ से मांगे पूरी करने का भरोसा भी दिया जाता रहा है। पिछले साल विभाग के मंत्री तृप्त राजिदर सिंह बाजवा तथा उच्चाधिकारियों ने एक अफसर कमेटी गठित करके सर्व शिक्षा अभियान तथा रमसा के अध्यापक की तर्ज पर रेगुलर करने का ऐलान किया था, लेकिन आज तक कमेटी ने कुछ भी नहीं किया। एक तरफ एक लाख नई नौकरियां देने का ऐलान किया जा रहा है, दूसरी तरफ विभागों का पुनर्गठन करने के नाम पर हजारों की गिनती में स्थाई पद खत्म किए जा रहे हैं। सरकार ने कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने के लिए नया एक्ट बनाने के वास्ते पांच सदस्यीय कैबिनेट सब कमेटी भी बनाई, लेकिन कुछ नहीं कर रही। पिछले 15 सालों से अस्थायी तौर पर काम करते हुए लाखों नौजवानों को नजरंदाज करके उनसे धक्केशाही की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मनरेगा मुलाजिम दोबारा किए वादे के अनुसार रेगुलर करने की मांग करते हैं तो उनकी आवाज को दबाने के लिए झूठे व मनघड़ंत इल्जाम लगाकर या तो उनकी कहीं दूर बदली कर दी जाती है या फिर नौकरी से निकाले जाने की धमकियां दी जाती हैं। इसके तहत ही बीते शुक्रवार को ही एडीसी ने शनिवार के उनके पुतले फूंकने के संघर्ष को असफल करने के लिए 61 ग्राम रोजगार सेवकों को दूर ब्लाकों में बदल दिया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अब वह रेगुलर होने तक टिक कर नहीं बैठेंगे। आने वाले दिनों में कैबिनेट सब कमेटी में शामिल पांच मंत्रियों के घरों को घेराव किए जाएंगे। जगह-जगह कांग्रेस विधायकों तथा अन्य मंत्रियों के भी घेराव किए जाएंगे। इस मौके पर जिला प्रधान सुखबीर सिंह बूटा सिंह अमरीक सिंह राजवीर सिंह मलूका गुरप्रीत सिंह सुखविदर सिंह कौर सिंह गुरतेज सिंह आदि भी मौजूद थे।