पड़ोसन महिला ने नाबालिग लड़की को एेसे लगाई नशे की लत, फिर करवाने लगी देह व्यापार
पड़ोस में रहने वाली महिला ने नाबालिग लड़की को नशे की लत लगाई और फिर उसकी अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद वह उसे ब्लैकमेल कर उससे देहव्यापार करवाने लगी।
जेएनएन, बठिंडा। शहर की एक महिला द्वारा नाबालिग लड़की को नशे की लत लगाकर उसे जबरन देह व्यापार करवाने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने लड़की को नशे की लत भी लगा दी है। पीड़ित नाबालिग लड़की को मंगलवार को सिविल अस्पताल स्थित वूमेन एंड चिल्ड्रन अस्पताल में दाखिल करवाया गया। लड़की की मां की मौत हो चुकी है, जबकि उसका पिता किसी मामले में जेल में सजा काट रहा है। पीडि़ता अपनी दादी के साथ रहती है। उसकी दादी के भी दोनों हाथ नहीं हैं।
नाबालिग लड़की के मुताबिक उनके पड़ोस में रहने वाली महिला ने पहले उसे नशे की लत लगाई और बाद में उससे जबरदस्ती देह व्यापार का धंधा करवाना शुरू कर दिया। पड़ोस में रहने वाली महिला ने एक दिन उसे चाय में कोई नशीली चीज पिला दी। वह बेहोश हो गई तो महिला ने एक व्यक्ति के साथ उसकी अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद उसे डरा धमकाकर जबरदस्ती देह व्यापार का काम करवाने लगी।
महिला लड़की के मना करने पर उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देती थी। पीडि़ता के मुताबिक उक्त महिला ने धीरे-धीरे से उसे चिट्टे (नशे) की लत लगा दी। अब वह इसकी आदी हो गई है। वह दिन में दो बार चिट्टे का टीका लगाती है। उसका कहना है कि आज भी नशे का टीका न लगाने के कारण उसकी हालत खराब हो रही है।
नाबालिग ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में उसके साथ 12 से 15 लोगों ने दुष्कर्म किया है। उसने बताया कि उक्त महिला उसे नशे के टीके लगाती थी। पीडि़ता ने बताया कि जब महिला उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगी तो उसने सारी बात अपनी दादी को बताई। इसके बाद उसकी दादी ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। वहीं उसकी दादी ने मंगलवार को उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया।
नाबालिग के बयान दर्ज किए, जांच जारी : चौकी इंचार्ज
वर्धमान चौकी इंचार्ज एएसआइ हरबंस सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर को नाबालिग लड़की के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की जांच जारी है। नाबालिग द्वारा जिस महिला पर आरोप लगाए गए हैं, उससे पूछताछ की जाएगी और आरोप साबित होने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। वहीं सिविल अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि नाबालिग की जांच करते हुए उसके मेडिकल टेस्ट किए गए है। उनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है।