सालगिरह पर महिला ने फंदा लगा कर दी जान
ादी की दूसरी वर्षगांठ पर एक विवाहिता ने दहेज मांगने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
जागरण संवाददाता, बठिडा : शादी की दूसरी वर्षगांठ पर एक विवाहिता ने दहेज मांगने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतक महिला की माता के बयान पर पति, सास, ससुर पर खुदकुशी के लिए मजबूर करने के मामले में केस दर्ज किया है। मृतका अपने पीछे एक 13 महीनों का बेटा छोड़ गई है। नई बस्ती की वासी रूबी गर्ग पत्नी पुनीत गर्ग ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सरकारी अस्पताल में पहुंचे मृतका रूबी के पिता हरबिलास वासी मंडी कालियांवाली ने बताया कि उसने अपनी लड़की की शादी दो साल पहले पुनीत गर्ग वासी बठिडा के साथ की थी, जिसके बाद उसके दामाद पुनीत के अलावा सास ससुर दहेज की मांग करने लगे। वहीं मृतका के जीजा राजू गर्ग ने बताया कि एक दिन पहले भी पुनीत ने रूबी की मारपीट की थी। जिसका पता लगते ही उन्होंने पुनीत के साथ बातचीत की थी। राजू ने बताया कि मंगलवार को पुनीत ने रूबी की माता को फोन कर बताया कि वह अपनी लड़की को लेकर चले जाएं, नहीं तो वह उसको मार देगा। वहीं बुधवार को रूबी के देवर ने फोन कर सूचना दी कि रूबी की मौत हो गई है। मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि रूबी का कत्ल कर उसकी लाश को पंखे से लटकाया गया है। इस संबंध में थाना कोतवाली के इंचार्ज दविदर सिंह ने बताया कि रूबी की माता के बयानों पर पति पुनीत, ससुर जगदीश व सास शशीबाला पर केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला को उसका पति सरकारी अस्पताल में लेकर आया था, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृतक घोषित कर दिया। इसके बाद मृतका का पति बीमार होने का बहाना लगाकर अस्पताल में दाखिल हो गया। मगर जब उक्त महिला का मायका परिवार अस्पताल में पहुंचा तो उसका पति बिना बताए अस्पताल से चला गया।