नशे से युवक की मौत, दो भाइयों सहित चार पर केस दर्ज
गांव हरनाम सिंह वाला में नशे के सेवन से एक युवक की मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, रामपुरा फूल: गांव हरनाम सिंह वाला में नशे के सेवन से एक युवक की मौत हो गई। थाना फूल की पुलिस ने मृतक के मामा की शिकायत पर गांव के ही चार युवकों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव हरनाम सिंह वाला निवासी राजू सिंह ने बताया कि उसका भांजा सूरज सिंह गत काफी समय से उनके पास हरनाम सिंह वाला में ही रहता था। सूरज सिंह की शादी हो चुकी थी, लेकिन करीब एक-डेढ़ वर्ष पहले कोई झगड़ा होने के बाद उसकी पत्नी अपने मायके रहने लगी थी। राजू सिंह ने बताया कि 21 नवंबर को रात नौ बजे के करीब गांव का रहने वाला सिकंदर सिंह सूरज सिंह को काम पर चलने की बात कहकर अपने साथ ले गया। अगली सुबह दस बजे के करीब सिकंदर सिंह, उसका भाई मोपी सिंह, भोलू सिंह तथा लब्भी सिंह सूरज सिंह को कपड़े में लपेटकर रिक्शा रेहड़ी में डालकर उनके घर छोड़ गए। सूरज सिंह को सिविल अस्पताल रामपुरा ले गए तो डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजू सिंह ने उक्त चारों युवकों पर उसके भांजे सूरज सिंह को नशा देने के आरोप लगाए। राजू सिंह ने कहा कि सूरज के शरीर पर किसी प्रकार की चोट का कोई निशान नहीं है तथा नशे के चलते ही उसकी मौत हुई है।
उधर, थाना प्रभारी सुखजिदर सिंह ने बताया कि चारों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य तीन की तलाश की जा रही है।