पंजाब की बुजुर्ग महिला का कंगना को जवाब- काम नहीं है तो मेरे खेतों में कर सकती हो मजदूरी
कंगना रनौत को पंजाब की बुजुर्ग महिला ने करारा जवाब दिया है। कंगना ने ट्वीट कर कहा था कि यह महिला 100 रुपये लेकर किसान प्रदर्शन में भाग ले रही है। महिला ने कहा कि कंगना के पास काम नहीं है तो मेरे खेतों में मजदूरी कर सकती है।
बठिंडा, [गुरप्रेम लहरी]। अपनी बात बेबाकी से रखने के लिए अक्सर चर्चा में रहने वालीं बालीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को पंजाब की बुजुर्ग महिला पर पैसे लेकर किसान संघर्ष में शामिल होने की टिप्पणी करना भारी पड़ रहा है औा उनको काफी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। अब बठिंडा जिले के गांव जंडियां की रहने वाली बुजुर्ग महिंदर कौर का एक वीडियो सामने आया है। इसमें बुजुर्ग ने कंगना को कड़ा जबाव दिया है। वह कहती हैं कि उनके पास 13 एकड़ जमीन है। उन्हें 100 रुपये लेकर कहीं जाने की जरूरत नहीं है। हां, अगर कोरोना के कारण कंगना के पास काम नहीं है तो उनके खेतों में अन्य मजदूरों के साथ काम कर सकती है।
पैसे लेकर किसान आंदोलन में शामिल होने की टिप्पणी पर बुजुर्ग महिंदर कौर ने दिया जबाव
बुजुर्ग महिला महिंदर कौर कहती हैं कि उनकी उम्र 87 वर्ष है। वह आज भी खेती का काम करती हैं। किसान संघर्ष में कभी पीछे नहीं रही हैं और आगे भी नहीं रहेंगी। वह किसान हैं इसलिए इस आंदोलन में अपने किसान भाइयों के साथ हूं। किसानी बहुत बड़ी बात है। यह कोई छोटा काम नहीं है। खेती का हर तरह का काम किया है। दातरी से गेहूं की कटाई से लेकर कस्सी तक चलाई है। आज भी अपने घर पर कई तरह की सब्जियां खुद लगाई हुई हैं।
कहा- 13 एकड़ की मालिक हूं, भाड़ा लेने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले हैं
महिंदर कौर आगे कहती हैं कि असल बात यह है कि अभिनेत्री को पंजाब और पंजाब के किसानों की समझ नहीं है। समझ होती तो ऐसी घटिया बात कभी नहीं करती। ऐसी टिप्पणियां दिमागी दिवालियापन की निशानी होती हैं। वह सरकार की भक्ति में अनाप-शनाप बोल रही हैं। उन्हें इतना भी पता नहीं कि किसके बारे में क्या बोलना चाहिए। जब मुंबई में उनके दफ्तर को तोड़ा गया था तो पूरे पंजाब ने उनका साथ दिया और हमदर्दी जताई थी।
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत का ट्वीट, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया।
महिला ने कहा, उन्हें महिला होकर एक बुजुर्ग महिला के बारे में ऐसी टिप्पणी करने से पहले सोचना चाहिए था। यह टिप्पणी पंजाब की महिलाओं पर की गई है। इसलिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। 'बिकाऊ हम किसान लोग नहीं बल्कि वह होते हैं जो खुद को बेचते हैं। हम तो किरत करते हैं। हम भाड़ा लेने वाले नहीं बल्कि लोगों को रोजगार देने वाले हैं।'
'कभी एक पैसा नाजायज नहीं कमाया'
महिंदर कौर के पति लाभ सिंह कहते हैं कि जब से हमारी शादी हुई है, महिंदर कौर उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खेती का काम किया है। पूरे परिवार का पालन-पोषण उन्होंने किया। आज भी बेशक उनके ऊपर सात लाख रुपये कर्ज है लेकिन कोई भी यह आरोप नहीं लगा सकता कि कभी एक पैसा भी नाजायज तरीके से कमाया है। कंगना ने 100 रुपये भाड़ा लेने वाली बात कहकर हमारा मन दुखाया है।
---
कंगना रनौत ने किया था ट्वीट
अभिनेत्री कंगना रनौत ने किसान संघर्ष में जाने वाली बुजुर्ग महिला के बारे में ट्वीट किया था कि यह 100-100 भाड़ा लेकर आने वाली हैं। शाहीन बाग में भी यही महिला थी और अब किसानों के संघर्ष में भी वही है। सोशल मीडिया पर इसका विरोध होने पर कंगना ने ट्वीट को डिलीट कर दिया।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में दिख रहे कोरोना वायरस के नए लक्षण, ठीक होने के बाद भी रहें सावधान
यह भी पढ़ें: पंजाब में आज से लागू नाइट कर्फ्यू, होटल, रेस्टोरेंट व मैरिज पैलेस रात 9.30 बजे होंगे बंद
यह भी पढ़ें: क्रिकेट के मैदान में स्पिन बाॅलिंग पर खूब जड़े छक्के, सियासत की पिच पर फिरकी में बुरे फंसे सिद्धू
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए